‘भइया मुझे बचा लो, पत्नी मरवाना चाहती है…’, फोन पर मदद मांगने के बाद युवक की मौत, करवाचौथ पर मिला शव

0 32

अलीगढ़: करवाचौथ के दिन उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। गांव अटलपुर निवासी 28 वर्षीय दूध विक्रेता श्रवण कुमार का शव गुरुवार को जतनपुर चिकावटी के पास रेलवे लाइन के नजदीक मिला। मौत से कुछ देर पहले उसने अपने बड़े भाई प्रवीण कुमार को फोन कर मदद की गुहार लगाई थी। उसने कहा था, ‘भइया, मुझे बचा लो। कुछ लोग मेरे साथ मारपीट कर रहे हैं। मुझे मारने आए हैं और मेरी पत्नी मुझे मरवाना चाहती है।’ इतना कहने के बाद फोन कट गया। भाई ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश में पहुंचा तो श्रवण मृत अवस्था में मिला।

परिजनों ने श्रवण की पत्नी पर गांव के कुछ युवकों से पिटवाकर उसकी हत्या कराने का आरोप लगाया है। परिवार के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था और मामला थाने तक पहुंचा था। हालांकि, हर बार समझौते के बाद विवाद सुलझा लिया जाता था। घटना की सूचना मिलने पर एसपी सिटी आदित्य बंसल और सीओ गभाना सृष्टि जैन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पत्नी से अक्सर होता था विवाद

गांव अटलपुर निवासी श्रवण कुमार दूध बेचने का काम करता था। उसके बड़े भाई प्रवीण कुमार के मुताबिक, श्रवण और उसकी पत्नी अंजलि के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी। विवाद के बाद कभी पत्नी घर छोड़कर चली जाती थी तो कभी मायके चली जाती थी। दोनों के बीच पहले भी कई बार झगड़े हुए थे। मामला थाने पहुंचने पर समझौता कराकर विवाद खत्म करा दिया जाता था, लेकिन इसके बावजूद उनके बीच तनाव बना हुआ था।

परिजनों का आरोप है कि बुधवार को भी श्रवण और उसकी पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। इस दौरान पत्नी ने गांव के ही दो-तीन युवकों से श्रवण की पिटाई कराई थी। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

रिश्तेदार के घर से लौटते समय फिर हुआ विवाद

परिजनों के मुताबिक, गुरुवार को अंजलि अपने पति श्रवण को साथ लेकर सासनी में एक रिश्तेदार के यहां गई थी। वहां से लौटते समय लोधा क्षेत्र के बहलोलपुर गांव के पास एक ट्यूबवेल पर दोनों के बीच फिर विवाद हो गया। परिवार का आरोप है कि इसी दौरान श्रवण के साथ मारपीट की गई।

गुरुवार दोपहर करीब 3:26 बजे श्रवण ने अपने बड़े भाई प्रवीण को फोन किया। उसने घबराई हुई आवाज में मदद मांगते हुए बताया कि कुछ लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं और उसे जान से मारने आए हैं। उसने पत्नी पर भी उसे मरवाने की बात कही। इसके बाद फोन कट गया। प्रवीण ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश में निकले तो रेलवे लाइन के पास उसका शव मिला।

करवाचौथ के दिन हुई घटना से परिवार में मातम

करवाचौथ के दिन हुई इस घटना से श्रवण के परिवार में मातम पसरा है। इस दिन पति की लंबी उम्र के लिए पत्नी व्रत रखती है, लेकिन अटलपुर में एक परिवार को इसी दिन अपने बेटे और भाई की मौत की खबर मिली।

परिजनों ने पत्नी और कुछ युवकों पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है। उनके मुताबिक, पहले भी पति-पत्नी के बीच विवाद होते रहे थे और हर बार समझौते के जरिए मामला शांत करा दिया जाता था। मौत से पहले श्रवण का अपने भाई को किया गया फोन अब जांच का अहम पहलू है। हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसकी भूमिका है, यह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलने पर एसपी सिटी आदित्य बंसल और सीओ गभाना सृष्टि जैन ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। लोधा कोतवाल नरेंद्र सिंह के मुताबिक, अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.