भारत में कितनी भाषाएं बोली जाती हैं? PM मोदी से जवाब सुनकर हैरान रह गए पुतिन, भारतीय विविधता को बताया अद्भुत

0 26
मॉस्को: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता के मुरीद हो गए हैं। सर्बियाई फिल्म निर्देशक एमिर कुस्तुरिका को दिए एक साक्षात्कार में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई बातचीत का दिलचस्प किस्सा साझा किया। पुतिन ने बताया कि भारत में बोली जाने वाली भाषाओं और उन्हें बोलने वाले लोगों की संख्या जानकर वह हैरान रह गए थे। उन्होंने भारत की भाषाई विविधता को ‘अद्भुत’ बताया।

PM मोदी से पूछा था भारत की प्रमुख भाषा को लेकर सवाल

पुतिन ने बताया कि भारत की प्राचीन सभ्यता और समृद्ध संस्कृति को समझने के दौरान उनकी दिलचस्पी यहां की भाषाओं में भी बढ़ी। इसी सिलसिले में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूछा था कि भारत में कितने लोग देश की प्रमुख भाषा बोलते हैं।

पुतिन के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें बताया था कि करीब 1.5 अरब की आबादी वाले भारत में लगभग 60 करोड़ लोग प्रमुख भाषा बोलते हैं। यानी देश की बड़ी आबादी अलग-अलग भाषाओं के माध्यम से संवाद करती है। यह जानकारी सुनकर पुतिन काफी हैरान हुए और उन्होंने कहा, ‘क्या यह अद्भुत नहीं है? सचमुच अद्भुत।’

भारत की विविधता ने बढ़ाई रूस के राष्ट्रपति की दिलचस्पी

रूसी राष्ट्रपति ने भारत की सभ्यता को बेहद प्राचीन और दिलचस्प बताया। उन्होंने कहा कि भारत के अलग-अलग क्षेत्रों में भाषाएं, खानपान, रीति-रिवाज और परंपराएं बदल जाती हैं। इसके बावजूद देश की साझा सांस्कृतिक पहचान बनी रहती है।

पुतिन के अनुसार, भारत की परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के बारे में जितना अधिक उन्होंने जाना, इस देश के प्रति उनकी दिलचस्पी उतनी ही बढ़ती गई। भारत की यही विविधता उसे दुनिया के अन्य देशों से अलग पहचान देती है।

रूस की सभ्यता और सांस्कृतिक विविधता का भी किया जिक्र

साक्षात्कार के दौरान पुतिन ने रूस की सभ्यता का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रूस में अलग-अलग जातीय और धार्मिक समुदायों को अपनी भाषाएं, रीति-रिवाज और धार्मिक परंपराएं बनाए रखने का अवसर मिला है।

उन्होंने कहा, ‘रूसी सभ्यता ने कभी किसी को अपने अधीन नहीं किया।’ पुतिन के मुताबिक, रूस में विभिन्न समुदायों ने अपनी सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को बरकरार रखते हुए साथ रहने का अवसर पाया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.