महाराष्ट्र के नांदेड़ में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने टाटा मैजिक को मारी जोरदार टक्कर; 9 की मौत, 3 गंभीर

0 12

नांदेड़: महाराष्ट्र के नांदेड़-भोकर हाईवे पर वाकद गांव के पास सीताखंडी इलाके में गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। भोकर से नांदेड़ की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक की सामने से आ रही टाटा मैजिक यात्री वैन से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयानक था कि वैन में सवार 9 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

टक्कर के बाद वैन के उड़े परखच्चे

हादसे के समय दोनों वाहन तेज रफ्तार में बताए जा रहे हैं। आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत के बाद टाटा मैजिक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सड़क किनारे जा गिरी। वैन में कुल 12 यात्री सवार थे, जो स्थानीय निवासी बताए जा रहे हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 9 यात्रियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

ग्रामीणों ने पहुंचकर शुरू की मदद, अस्पताल भेजे गए घायल

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। तीन गंभीर घायलों को इलाज के लिए भोकर और नांदेड़ के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

टक्कर के बाद ट्रक का केबिन पिचका, चालक अंदर फंसा

टाटा मैजिक को टक्कर मारने के बाद ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक चालक केबिन के अंदर फंस गया था। पुलिस और बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकालने का प्रयास किया। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

हादसे की वजह जानने में जुटी पुलिस

पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा किसकी गलती से हुआ और दोनों वाहनों की तेज रफ्तार की इसमें कितनी भूमिका थी। पुलिस दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.