मॉनसून ने फिर बदली चाल! दिल्ली-UP समेत 4 दिन बारिश-आंधी का अलर्ट, बिहार-झारखंड से छत्तीसगढ़ तक बिगड़ेगा मौसम
नई दिल्ली: लौटते मॉनसून के बीच उत्तर भारत में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान समेत कई राज्यों में बादल छाए हैं और बारिश का दौर शुरू हो गया है। भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी जारी की है। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी अगले तीन दिनों तक मौसम खराब रहने का अनुमान है।
लखनऊ, कानपुर और उन्नाव समेत अवध क्षेत्र में तेज बारिश हो रही है। वहीं पूर्वांचल के गोरखपुर, बस्ती, महराजगंज और अंबेडकरनगर जैसे इलाकों में भी बारिश दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने कुछ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
वापसी के बीच फिर क्यों बरस रहा मॉनसून?
मौसम विभाग के मुताबिक, देश से मॉनसून की वापसी के बावजूद चक्रवाती हवाओं और मॉनसून ट्रफ के कारण बारिश का दौर फिर सक्रिय हुआ है। हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जो उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के साथ मैदानी इलाकों में भी मौसम को प्रभावित कर रहा है।
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड के ऊपर तूफानी हवाएं चल रही हैं। इसके अलावा मन्नार की खाड़ी से कर्नाटक और उत्तर प्रदेश से लेकर बंगाल की खाड़ी तक अलग-अलग ट्रफ लाइन सक्रिय हैं, जो कई इलाकों में बारिश की वजह बन रही हैं।
दिल्ली-NCR से पश्चिमी यूपी तक बारिश का दौर
दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 7 से 13 अक्टूबर के बीच हल्की बारिश होने की संभावना है। नोएडा, गाजियाबाद और हापुड़ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 8 से 10 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।
उत्तराखंड में 8 और 9 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 7 से 13 अक्टूबर के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान में 11 और 12 अक्टूबर, जबकि पूर्वी राजस्थान में 12 अक्टूबर को बारिश के आसार हैं।
कश्मीर में बारिश के साथ बर्फबारी का असर
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 8 से 10 अक्टूबर के बीच भारी बारिश की संभावना है। इसके बाद 9 से 11 अक्टूबर तक भी कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
बारामूला, बडगाम, अनंतनाग, रामबन, पुलवामा और श्रीनगर समेत जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में बारिश के आसार हैं। उत्तराखंड के पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, चमोली और पौड़ी गढ़वाल में तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी दी गई है।
मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ में 50 किमी प्रति घंटे तक चलेंगी हवाएं
पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 8 और 9 अक्टूबर को बारिश की संभावना है। विदर्भ में भी हल्की बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़ में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
पूर्वी मध्य प्रदेश के रीवा, शहडोल, सतना और जबलपुर जैसे जिलों में गरज-चमक के साथ मौसम खराब रह सकता है। महाराष्ट्र के विदर्भ में भी बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है।
बिहार-झारखंड और बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट
पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। बंगाल और सिक्किम के साथ बिहार और झारखंड में भी भारी बारिश का अलर्ट है। ओडिशा में 8 से 13 अक्टूबर और बिहार में 8 से 10 अक्टूबर के दौरान हल्की से तेज बारिश हो सकती है।
झारखंड, ओडिशा और बिहार में तीन दिनों तक तेज हवाओं के साथ बिजली कड़कने की चेतावनी भी जारी की गई है।
पूर्वोत्तर में भी बदलेगा मौसम
पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 8 से 13 अक्टूबर के बीच बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में अगले चार दिनों तक हल्की बारिश का अनुमान है।
त्रिपुरा, असम और मेघालय में आज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।