यूपी की ग्राम पंचायतों के पास 50 लाख जीतने का मौका, योगी सरकार ने शुरू किए आवेदन; इन 10 श्रेणियों में होगा चयन

0 30

सुलतानपुर: उत्तर प्रदेश में बेहतर और उल्लेखनीय काम करने वाली ग्राम पंचायतों को अब प्रदेश स्तर पर सम्मान के साथ बड़ी पुरस्कार राशि हासिल करने का मौका मिलेगा। पंचायतीराज विभाग ने ‘मुख्यमंत्री 10 विशेष पुरस्कार: समग्र इच्छुक एवं पात्र ग्राम पंचायतें’ योजना के तहत उत्कृष्ट ग्राम पंचायतों से आवेदन मांगे हैं। इस योजना में चयनित 10 ग्राम पंचायतों को 50-50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। आवेदन प्रक्रिया 15 सितंबर से शुरू होकर 30 सितंबर तक चलेगी।

यह पुरस्कार केवल सामान्य विकास कार्यों के आधार पर नहीं दिया जाएगा। पंचायतों में किए गए नवाचार, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल सेवाओं और आर्थिक आत्मनिर्भरता जैसे कार्यों को भी चयन के दौरान अहम आधार बनाया जाएगा।

इन 10 श्रेणियों में होगा ग्राम पंचायतों का चयन

पंचायतीराज विभाग ने पुरस्कार के लिए 10 अलग-अलग श्रेणियां तय की हैं। इनमें घर-घर कूड़ा एकत्र करने वाली पंचायत, तरल अपशिष्ट प्रबंधन करने वाली पंचायत, अपनी आय यानी ओएसआर अर्जित करने वाली पंचायत और प्लास्टिक मुक्त एवं प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन करने वाली पंचायतें शामिल हैं।

इसके अलावा कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से सार्वजनिक सेवाएं उपलब्ध कराने वाली पंचायत, पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता संवर्धन में बेहतर काम करने वाली पंचायत और ‘मेरा तालाब मेरी योजना’ में उल्लेखनीय कार्य करने वाली पंचायतों को भी पुरस्कार के लिए चुना जाएगा।

महिला नेतृत्व एवं सहभागिता, आधार केंद्र के माध्यम से सेवाएं उपलब्ध कराने और प्राकृतिक जैविक खेती को बढ़ावा देने वाली ग्राम पंचायतें भी इस योजना के दायरे में रहेंगी।

15 से 30 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन

योजना के लिए पात्र ग्राम पंचायतों को निर्धारित पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के दौरान पंचायतों को अपने उत्कृष्ट कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी देनी होगी।

इसके बाद विभागीय स्तर पर आवेदन और कार्यों का परीक्षण किया जाएगा। इसी प्रक्रिया के आधार पर प्रदेश की श्रेष्ठ ग्राम पंचायतों का चयन किया जाएगा।

ज्यादा से ज्यादा पंचायतों को शामिल करने की तैयारी

जिला पंचायत राज्य अधिकारी अभिषेक शुक्ला ने बताया कि ग्राम पंचायतों में योजना का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है और आवेदन के लिए जागरूक किया जा रहा है। विभाग का प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा ग्राम पंचायतें इस योजना में भाग लें और उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर पुरस्कार का लाभ हासिल कर सकें।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.