रामभक्तों पर गोली चलाने वाले आज रामनाम जप रहे, सीएम योगी का सपा पर जोरदार हमला

0 31

 

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिन लोगों ने कभी रामभक्तों पर गोली चलाने का काम किया, वही लोग आज रामनाम का जाप कर रहे हैं। उन्होंने सपा पर शिक्षा व्यवस्था, कानून व्यवस्था और तुष्टीकरण की राजनीति को लेकर भी जमकर निशाना साधा। सीएम योगी सोमवार को गोरखपुर के महंत दिग्विजयनाथ पार्क में आयोजित शिक्षक मतदाता संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

सीएम योगी बोले- सपा और शिक्षा नदी के दो किनारे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा शासनकाल की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी और शिक्षा नदी के दो छोर हैं, जो कभी एक नहीं हो सकते। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शिक्षा की विरोधी रही है और जो शिक्षा का विरोधी होगा, वह शिक्षकों का हितैषी नहीं हो सकता।

सीएम योगी ने कहा कि सपा सरकार के दौरान शिक्षक भी सुरक्षित नहीं थे। कई शिक्षकों को अपनी सुरक्षा के लिए हथियार लेकर विद्यालय जाना पड़ता था। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा की राजनीति परिवार और धनकुबेरों तक सीमित रही है।

भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम में साधा निशाना

गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन खंड एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा शिक्षा, शिक्षण संस्थानों, शिक्षकों और सुरक्षा व्यवस्था के लिए काम कर रही है।

उन्होंने सपा पर सवाल उठाते हुए कहा कि चार बार सरकार बनाने के बाद भी पार्टी शिक्षकों को कैशलेस इलाज की सुविधा क्यों नहीं दे सकी और शिक्षा क्षेत्र की समस्याओं का समाधान क्यों नहीं किया।

सपा सरकार में नकल बनी पहचान, युवाओं के सामने था संकट: योगी

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में प्रदेश और युवाओं के सामने पहचान का संकट था। छात्रों के भविष्य को लेकर चिंता बनी रहती थी और नकल व्यवस्था की पहचान बन गई थी।

उन्होंने कहा कि उस समय विद्यालयों के भवन जर्जर थे और शिक्षा व्यवस्था की स्थिति खराब थी। योगी ने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों को तत्कालीन सरकार का संरक्षण मिलता था।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में किसी भी शिक्षण संस्थान, शिक्षक या महिला की सुरक्षा से खिलवाड़ करने की किसी को इजाजत नहीं है। अगर कोई ऐसा करेगा तो उसके लिए जेल जाने या सख्त कार्रवाई का रास्ता तय है।

राम मंदिर को लेकर सपा पर किया हमला

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा नेताओं पर राम मंदिर को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने रामभक्तों पर गोली चलवाई, जो अयोध्या जाकर भी राम मंदिर नहीं जाते और मंदिर को लेकर गलत प्रचार करते हैं, वही लोग आज रामनाम जपने का काम कर रहे हैं।

योगी ने आरोप लगाया कि ऐसे लोग राम मंदिर के विरोध में कानूनी लड़ाई लड़ते रहे और अब बदलते राजनीतिक माहौल में धार्मिक मुद्दों पर बयान दे रहे हैं।

पीडीए नारे को लेकर भी सपा पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के पीडीए नारे पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि सपा के पीडीए का मतलब परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी और पराया धन अपना है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव में भी यह बात सामने आ गई।

योगी ने कहा कि सपा बार-बार अपना रंग बदलती है और उसके इस रवैये से गिरगिट भी खुश होता होगा कि उसे एक नया साथी मिल गया।

सपा पर भरोसा नहीं किया जा सकता: योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा का यह दावा करना कि उसके आने से शांति और सुरक्षा आएगी, वैसा ही है जैसे कोई मगरमच्छ नदी किनारे आकर कहे कि उसने शिकार करना छोड़ दिया है।

उन्होंने कहा कि सपा के लोग विकास की नाव पार लगाने वाले नहीं बल्कि उसे डुबाने वाले हैं। योगी ने आरोप लगाया कि सपा ने शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया और शिक्षकों का अपमान किया, इसलिए उस पर भरोसा नहीं किया जा सकता।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.