लखनऊ में केशव-ब्रजेश से मिले विनोद तावड़े, सपा के पीडीए नैरेटिव की काट पर मंथन; 2027 की रणनीति पर हुई चर्चा

0 27

लखनऊ: भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने अपने चारों सह प्रभारियों के साथ उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक से मुलाकात की। पार्टी कार्यालय में बैठकों के बाद हुई इन मुलाकातों में चुनावी माहौल, प्रमुख मुद्दों और आगामी रणनीति पर चर्चा हुई। खास तौर पर समाजवादी पार्टी की रणनीति और उसके नैरेटिव की काट तैयार करने पर मंथन किया गया।

पीडीए के असर पर भी हुई चर्चा

विनोद तावड़े और पार्टी नेताओं के बीच समाजवादी पार्टी के पीडीए के प्रभाव को लेकर भी चर्चा हुई। बैठक में सपा की राजनीतिक रणनीति का जवाब तैयार करने और संगठन को उसके मुकाबले मजबूत करने के मुद्दे पर बातचीत हुई।

इस दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव को साइकिल समेत सैफई पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया गया।

चारों सह प्रभारियों के साथ पहुंचे केशव मौर्य के आवास

विनोद तावड़े अपने चारों सह प्रभारियों जगदीश ईश्वर पटेल, मेधा कुलकर्णी, प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा के साथ केशव प्रसाद मौर्य के कालिदास मार्ग स्थित कैंप कार्यालय पहुंचे।

यहां प्रदेश पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक से मिले फीडबैक और आगे की रणनीति को लेकर चर्चा की गई। साथ ही विधान परिषद चुनाव की तैयारियों और उसके 2027 के विधानसभा चुनाव पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।

ब्रजेश पाठक के आवास पर चाय पर चर्चा

केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात के बाद तावड़े अपनी टीम के साथ राजभवन कॉलोनी स्थित उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पहुंचे। यहां शिष्टाचार मुलाकात के साथ चाय पर भी चर्चा हुई।

दोनों उपमुख्यमंत्री लगातार अपने बयानों के जरिए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधते रहे हैं। ऐसे में तावड़े की दोनों नेताओं से मुलाकात को पार्टी की आगामी चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

संगठन और चुनावी तैयारियों पर भाजपा का फोकस

तावड़े के नेतृत्व में भाजपा उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों के लिए क्षेत्रवार रणनीति तैयार करने पर काम कर रही है। लखनऊ में हुई बैठकों में संगठन से मिले फीडबैक के आधार पर आगे की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.