लता मंगेशकर की जयंती पर PM मोदी ने किया नमन, बोले- दिव्य गायन प्रतिभा से दुनिया में रोशन किया देश का नाम

0 30

नई दिल्ली: भारत रत्न से सम्मानित महान गायिका लता मंगेशकर की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने उन्हें याद किया और भारतीय संगीत में उनके योगदान को नमन किया। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने अपनी दिव्य गायन प्रतिभा से दुनियाभर में देश का नाम रोशन किया। उन्होंने कहा कि लता दीदी ने अपने मधुर सुरों से भारतवर्ष को सजाया-संवारा और देश की समृद्धि से जुड़ी पहलों को भी हमेशा प्रोत्साहित किया।

PM मोदी ने लता मंगेशकर के योगदान को किया याद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लता मंगेशकर की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि भारतीय संगीत जगत में उनका अप्रतिम योगदान युगों तक याद किया जाएगा। उन्होंने लता मंगेशकर के संगीत को भारत की पहचान और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हुए उनके योगदान को स्मरण किया।

ओम बिरला बोले- उनकी आवाज में भारतीय संगीत की मिठास और आत्मा

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने लता मंगेशकर की स्वर साधना को याद किया। उन्होंने कहा कि उनकी आवाज में भारतीय संगीत की मिठास, शास्त्रीयता, भाव और आत्मा का अद्भुत संगम था। उन्होंने अनेक भारतीय भाषाओं में हजारों गीतों को अपनी आवाज दी और भारतीय सिनेमा संगीत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाई। ओम बिरला ने कहा कि लता मंगेशकर की जयंती पर उन्हें याद करना भारतीय संगीत की महान परंपरा को नमन करने जैसा है।

केंद्रीय मंत्रियों ने भी दी श्रद्धांजलि

केंद्रीय कानून राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल और केंद्रीय आवासन व शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने संयुक्त रूप से लता मंगेशकर को याद किया। उन्होंने कहा कि लता जी ने अपनी दिव्य संगीत साधना से फिल्म जगत को समृद्ध किया। उनके मुताबिक, लता मंगेशकर की मंत्रमुग्ध कर देने वाली आवाज देशवासियों की स्मृतियों में हमेशा जीवंत रहेगी।

योगी आदित्यनाथ ने बताया अमूल्य योगदान

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय संगीत की विरासत को समृद्ध बनाने में लता मंगेशकर का अमूल्य योगदान हमेशा स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा। उन्होंने कहा कि उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणापुंज बना रहेगा।

उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लता मंगेशकर को ‘मां सरस्वती की अनन्य साधिका’ बताते हुए उन्हें नमन किया।

कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने किया याद

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि लता मंगेशकर की सुरीली आवाज और सदाबहार गीत आज भी करोड़ों लोगों के दिलों में धड़कते हैं। उन्होंने संगीत जगत में लता जी के योगदान को अविस्मरणीय और अमर बताया।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि लता मंगेशकर का स्वर भारतीय संगीत की अमूल्य धरोहर है, जिसकी गूंज देश की सीमाओं से परे आने वाली कई पीढ़ियों तक सुनाई देती रहेगी।

रेखा गुप्ता ने गायकी के भावुक पहलू को किया याद

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लता मंगेशकर की गायकी के भावनात्मक पक्ष को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि लता जी ने ऐसा संसार रचा, जिसमें भारत अपनी भावनाओं को सुनता है। कभी उनकी आवाज प्रार्थना बनी, कभी प्रेम का प्रतीक और कभी राष्ट्रभक्ति के स्वर के रूप में लोगों के दिलों को छू गई।

बिहार के डिप्टी CM ने बताया सादगी और मधुर स्वर की प्रतिमूर्ति

बिहार के उप-मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने लता मंगेशकर को सादगी, सौम्यता और मधुर स्वर की अद्वितीय प्रतिमूर्ति बताया। उन्होंने कहा कि उनकी संगीत साधना की मधुर स्मृतियां संगीत प्रेमियों के हृदय में हमेशा सुरक्षित रहेंगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.