सीतापुर में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, 5 महिलाओं की मौत; कई घायल

0 15

सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि 17 अन्य घायल हो गए। पिसावां थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चार महिलाओं और एक 10 वर्षीय बच्ची की मौत हुई है। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

मुंडन संस्कार से लौट रहे थे सभी लोग

पुलिस के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए सभी लोग सीतापुर के पिसावां थाना क्षेत्र स्थित बरीगावां गांव के निवासी थे। वे पड़ोसी जिले हरदोई के रायपुर मठिया में एक बच्चे के मुंडन संस्कार में शामिल होने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने घर लौट रहे थे।

महोली के पुलिस क्षेत्राधिकारी नागेंद्र चौबे ने बताया कि पिहानी मार्ग पर हिम्मतनगर के कोल्हाघाट पुल के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार कई लोग नीचे दब गए।

चार महिलाओं और बच्ची की मौत, एक महिला की पहचान बाकी

पुलिस ने मृतकों की पहचान बरीगावां निवासी 10 वर्षीय काजल, 50 वर्षीय सुशीला, 22 वर्षीय रूबी और 40 वर्षीय सुनीता के रूप में की है। हादसे में जान गंवाने वाली पांचवीं महिला की उम्र 58 वर्ष बताई गई है, हालांकि खबर लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया, चालक की तलाश जारी

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल सात लोगों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर कुछ मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।

पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.