हनुमान जयंती पर भव्य सजावट से जगमगाई अयोध्या की हनुमानगढ़ी, माता जानकी के दिए प्राचीन आभूषणों से सजेगा बजरंगबली का दरबार
नौ दिनों से चल रहे अखंड सीताराम संकीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान
हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास महाराज ने बताया कि हनुमान जयंती की तैयारियां नौ दिन पहले ही शुरू कर दी गई थीं। इस दौरान लगातार अखंड सीताराम नाम संकीर्तन, वाल्मीकि रामायण का पाठ, सुंदरकांड और अन्य धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह तीन बजे से ही मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ पहुंचने लगी थी। उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के अलावा दिल्ली, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से भी श्रद्धालु दर्शन के लिए अयोध्या पहुंचे हैं। देश-विदेश में भगवान हनुमान के करोड़ों भक्त हैं और इस पावन अवसर पर सभी को हनुमान जयंती की शुभकामनाएं दी गई हैं।
माता जानकी के दिए आभूषणों से होगा बजरंगबली का राजसी श्रृंगार
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता महंत संजय दास ने बताया कि हनुमान जयंती पर भगवान हनुमान के विशेष पूजन और श्रृंगार की परंपरा है। इस अवसर पर उनके सभी पारंपरिक आभूषण और राजसी वस्त्र निकाले जाएंगे। इनमें वह प्राचीन आभूषण भी शामिल है, जिसे माता जानकी ने भगवान हनुमान को भेंट किया था। विशेष पूजा के दौरान बजरंगबली को यह आभूषण धारण कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस विशेष अवसर पर हनुमानगढ़ी में दर्शन करने वाले श्रद्धालु पुण्य के भागी बनेंगे। मान्यता है कि भगवान हनुमान की कृपा से भक्तों के जीवन में सुख-समृद्धि आती है।
रात आठ बजे से सुबह चार बजे तक होंगे विशेष आयोजन
महंत राजू दास के मुताबिक, अयोध्या में दीपोत्सव के साथ धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है। हनुमानगढ़ी में रात आठ बजे से सुबह चार बजे तक विशेष धार्मिक आयोजन प्रस्तावित हैं। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहने की संभावना है। मंदिर प्रशासन और संतों की ओर से पर्व को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं।
हनुमान जयंती पर देशभर से अयोध्या पहुंच रहे श्रद्धालु
हनुमान जयंती को लेकर अयोध्या में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। हनुमानगढ़ी में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी है। फूलों की सजावट, आकर्षक रोशनी और विशेष धार्मिक अनुष्ठानों के बीच रामनगरी में बजरंगबली का जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।