अखिलेश यादव ने PDA में जोड़ दिया ‘अन्नदाता’, राकेश टिकैत से मुलाकात के बाद किसानों को लेकर दिया बड़ा संदेश; 2027 चुनाव से पहले सपा की नई सियासी रणनीति?

0 17

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी ने किसानों के मुद्दे पर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में बुधवार को भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता और किसान नेता राकेश टिकैत ने लखनऊ में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच किसानों की समस्याओं और प्रदेश में उनकी मौजूदा स्थिति को लेकर चर्चा हुई। इस मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने PDA की परिभाषा को नया विस्तार देते हुए इसमें ‘अन्नदाता’ को भी शामिल करने का संदेश दिया।

अखिलेश बोले- सबसे ज्यादा पीड़ित किसान वर्ग

राकेश टिकैत से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की। उन्होंने कहा कि बातचीत के दौरान यह बात सामने आई कि पूरे उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक पीड़ित किसान वर्ग है। अखिलेश ने कहा कि उन्होंने भी इस बात को दोहराया कि ‘जो पीड़ित, वो PDA’।

सपा अध्यक्ष के इस बयान को किसानों को पार्टी के PDA सामाजिक और राजनीतिक समीकरण से जोड़ने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। अब तक PDA का अर्थ पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक रहा है, लेकिन अखिलेश ने इसमें ‘A’ को अन्नदाता से भी जोड़ दिया है।

PDA में ‘A’ का मतलब अन्नदाता भी

अखिलेश यादव ने अपने संदेश में स्पष्ट किया कि PDA में ‘A’ का मतलब अन्नदाता भी है। उन्होंने कहा कि किसानों का लगातार बढ़ता समर्थन PDA को हर गांव और हर बूथ पर जीत दिलाने के लिए प्रतिबद्ध कर रहा है।

उनके इस बयान के जरिए सपा ने किसानों को अपने राजनीतिक अभियान के केंद्र में रखने का संकेत दिया है। पार्टी का संदेश है कि किसान वर्ग की समस्याओं और उनकी मांगों को PDA की व्यापक राजनीतिक अवधारणा से जोड़ा जाए।

‘जब खेत मुस्कुराएगा, तभी देश मुस्कुराएगा’

अखिलेश यादव ने किसानों की खुशहाली को देश की समृद्धि से जोड़ते हुए कहा कि जब खेत मुस्कुराएगा, तभी देश मुस्कुराएगा। उन्होंने यह भी कहा कि हरियाली केवल समृद्धि का प्रतीक बनकर न रहे, बल्कि उसकी खुशहाली हर घर, द्वार और आंगन तक पहुंचे।

राकेश टिकैत के साथ हुई इस मुलाकात और अखिलेश के बयान से साफ है कि समाजवादी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव से पहले किसानों के मुद्दे को प्रमुखता देने की तैयारी में है। पार्टी PDA के दायरे को व्यापक बनाकर ग्रामीण क्षेत्रों और किसान वर्ग के बीच अपनी राजनीतिक पहुंच मजबूत करना चाहती है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.