अगरतला-दिल्ली फ्लाइट के कार्गो में धुआं, 35 हजार फीट पर बजा स्मोक अलार्म; लखनऊ में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग
लखनऊ: अगरतला से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट में मंगलवार शाम कार्गो क्षेत्र में धुआं उठने की सूचना से हड़कंप मच गया। विमान करीब 35 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, तभी स्मोक अलार्म बजा। पायलट ने तुरंत लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इसकी जानकारी दी। इसके बाद विमान की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में 6 क्रू सदस्य और 103 यात्री सवार थे।
एयरपोर्ट पर पहले से किए गए सभी इंतजाम
पायलट की सूचना मिलते ही चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर सुरक्षा और बचाव टीमों को अलर्ट कर दिया गया। विमान के उतरने से पहले दो एंबुलेंस पूरे स्टाफ और लाइफ सपोर्ट के साथ एयरसाइड में पहुंचा दी गईं। इसके अलावा दो दमकल वाहन एयरसाइड और तीन दमकल वाहन बाहर तैनात किए गए।
पुलिस, मेडिकल टीम, सीआईएसएफ और दमकल विभाग की टीमें भी अलर्ट मोड पर आ गईं। किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए एयरपोर्ट पर तत्काल जरूरी इंतजाम किए गए।
35 हजार फीट की ऊंचाई पर बजा स्मोक अलार्म
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, विमान उस समय 35 हजार फीट से अधिक की ऊंचाई पर उड़ रहा था। इसी दौरान पायलट को स्मोक अलार्म का संकेत मिला। इसमें विमान के कार्गो क्षेत्र में धुएं की जानकारी दी गई थी।
पायलट ने बिना देरी किए एटीसी को सूचना दी। इसके बाद करीब 18:16 बजे विमान ने महमूदाबाद के पास से यू-टर्न लिया और लखनऊ की ओर नीचे उतरना शुरू किया। विमान बीकेटी के ऊपर से होते हुए अमौसी एयरपोर्ट पहुंचा।
अलर्ट मिलते ही दौड़ पड़ा एयरपोर्ट स्टाफ
अमौसी एयरपोर्ट पर उस समय सामान्य गतिविधियां चल रही थीं। लेकिन एटीसी से अलर्ट मिलते ही अलग-अलग विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों के मोबाइल फोन घनघनाने लगे। रनवे के आसपास मौजूद अन्य वाहनों और सीढ़ियों को हटाया गया।
एम्बुलेंस और दमकल वाहनों को भी निर्धारित स्थानों पर तैनात कर दिया गया। एयरपोर्ट की टीमें विमान के सुरक्षित उतरने तक लगातार स्थिति पर नजर बनाए रहीं।
सुरक्षित उतरते ही यात्रियों को उतारा गया
विमान के रनवे पर सुरक्षित उतरने के बाद सबसे पहले सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया। इसके बाद क्रू सदस्यों को उतारा गया। इसी दौरान तकनीकी टीम ने विमान की जांच शुरू कर दी।
देर रात तक 12 इंजीनियरों और तकनीकी कर्मचारियों की टीम स्मोक अलार्म बजने के कारणों की जांच में जुटी रही। प्राथमिक जांच में कोई गंभीर बात सामने नहीं आने के बाद इंडिगो ने ‘फुल इमरजेंसी’ की घोषणा वापस ले ली। विमान में सवार सभी यात्रियों को बाद में दूसरी फ्लाइट से दिल्ली रवाना किया गया।
शाम 4:30 बजे अगरतला से भरी थी उड़ान
यह विमान अगरतला से शाम करीब 4:30 बजे रवाना हुआ था और इसके शाम 6:50 बजे दिल्ली पहुंचने का निर्धारित समय था। लेकिन दिल्ली पहुंचने से पहले ही कार्गो में धुएं की सूचना मिलने के बाद विमान को लखनऊ की ओर मोड़ना पड़ा। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से दिल्ली भेजा गया।