‘भारत में आर्थिक तबाही आने वाली है’, अमेरिका में राहुल गांधी का बड़ा दावा; बोले- युवाओं को नहीं दिख रहा भविष्य

0 12
न्यूयॉर्क: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारत की अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि देश बड़े आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है। इसकी प्रमुख वजह बड़े पैमाने पर बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं हैं। राहुल गांधी के मुताबिक, देश के युवाओं के एक वर्ग को अपना भविष्य स्पष्ट नजर नहीं आ रहा है।

राहुल गांधी इन दिनों दो दिवसीय अमेरिका दौरे पर हैं। कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और शिक्षकों के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि बेरोजगारी की समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने युवाओं में बढ़ती निराशा और करियर को लेकर अनिश्चितता का मुद्दा भी उठाया।

‘युवाओं को अपना भविष्य नजर नहीं आ रहा’

कार्यक्रम में मॉडरेटर लिडिया पोलग्रीन ने राहुल गांधी से भारत के युवाओं की मौजूदा स्थिति को लेकर सवाल किया। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि देश के युवाओं के एक वर्ग में मौजूदा हालात को लेकर निराशा बढ़ रही है।

राहुल गांधी के अनुसार, इस वर्ग में मध्यवर्गीय परिवारों से आने वाले और औपचारिक शिक्षा प्राप्त करने वाले युवा भी शामिल हैं। इसके बावजूद उन्हें आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर और अपने भविष्य की स्पष्ट दिशा दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि इस समस्या की जड़ युवाओं के भीतर भविष्य को लेकर भरोसे की कमी है।

माता-पिता की सलाह पर भी सवाल उठा रहे युवा

राहुल गांधी ने नई पीढ़ी और उनके माता-पिता के बीच सोच के अंतर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज के युवा अपने माता-पिता के अनुभवों और करियर से जुड़ी सलाह पर सवाल उठा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इस विषय पर माता-पिता से भी बातचीत हुई है। युवाओं का कहना है कि पिछली पीढ़ी के अनुभव और उनके समय में काम करने वाले तरीके आज के हालात में कारगर नहीं हैं।

राहुल गांधी के मुताबिक, युवा अपने माता-पिता से सवाल करते हैं कि जब आपके पास खुद नौकरी नहीं है और आप सफल नहीं हो पाए हैं, तो हमें उसी रास्ते पर चलने की सलाह क्यों दी जा रही है? उनका कहना है कि आज के दौर में पुराने तरीके काम नहीं कर रहे हैं।

बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को बताया बड़ी चुनौती

राहुल गांधी ने बेरोजगारी, भविष्य में सीमित अवसरों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को देश के सामने बड़ी चुनौतियों के रूप में पेश किया। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को नजरअंदाज करने से समाधान नहीं निकलेगा। युवाओं में बढ़ती निराशा को समझने के लिए यह जानना जरूरी है कि उन्हें अपने भविष्य को लेकर भरोसा क्यों नहीं है।

शिकागो यूनिवर्सिटी भी जाएंगे राहुल गांधी

कोलंबिया यूनिवर्सिटी का यह कार्यक्रम राहुल गांधी के दो दिवसीय अमेरिका दौरे का हिस्सा था। कार्यक्रम के बाद 18 नवंबर को उनके शिकागो यूनिवर्सिटी जाने का भी कार्यक्रम है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.