अमित शाह की अखिलेश यादव को खुली चुनौती, बोले- यूपी में 30 साल तक नहीं बनेगी सपा की सरकार

0 14

लखनऊ: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि उत्तर प्रदेश में अगले 30 साल तक सपा की सरकार नहीं बनने वाली है। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि यदि भाजपा लगातार तीसरी बार प्रदेश की सत्ता में आती है तो उत्तर प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की जाएगी। शाह शुक्रवार को लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक की शुरुआत के बाद उन्होंने सपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

कारसेवकों पर गोली चलाने की घटना को लेकर सपा पर हमला

अमित शाह ने अपने संबोधन में 30 अक्टूबर 1990 को अयोध्या में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी की घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के इतिहास में 30 अक्टूबर की अहम भूमिका है। इसी दिन 1990 में रामभक्तों पर गोलियां चलवाई गई थीं और सरयू नदी का पानी खून से लाल हो गया था। शाह ने अखिलेश यादव पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस पार्टी की सरकार में रामभक्तों पर गोलियां चलाई गईं, वह आज किस आधार पर दोबारा सरकार बनाने की बात कर रही है। उन्होंने भाजपा सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी पार्टी ने अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कराया है।

अखिलेश की तीसरी पीढ़ी को भी जनता माफ नहीं करेगी: शाह

सपा प्रमुख को सीधे चुनौती देते हुए गृह मंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव इस बात को अच्छी तरह समझ लें कि उत्तर प्रदेश में अगले 30 वर्षों तक समाजवादी पार्टी की सरकार नहीं बनने वाली है। उन्होंने दावा किया कि जनता अखिलेश यादव की तीसरी पीढ़ी को भी माफ नहीं करेगी। शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने सरकार की चिंता किए बिना विवादित ढांचे को गिरवाने का फैसला लिया था। उन्होंने भाजपा की प्रदेश सरकार को अंगद का पैर बताते हुए कहा कि उसे कोई हिला नहीं सकता। शाह ने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनने जा रही है।

वोट चोरी के आरोपों पर संसद में बहस की चुनौती

अमित शाह ने विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे वोट चोरी के आरोपों पर भी पलटवार किया। उन्होंने विपक्षी दलों को संसद में इस मुद्दे पर खुली बहस करने की चुनौती दी। शाह ने कहा कि चुनाव में हार के बाद अंपायर पर आरोप लगाए जा रहे हैं और वोट चोरी की बात कही जा रही है। भाजपा इस मुद्दे पर संसद में चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि विपक्ष विशेष सत्र बुलाने की मांग करे, भाजपा हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने विपक्ष से संसद में आकर इस विषय पर चर्चा करने को कहा।

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में जुटे भाजपा के कई दिग्गज नेता

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की यह बैठक प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी और प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव ने बैठक में प्रमुख नेताओं की मौजूदगी की जानकारी दी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.