करवाचौथ पर प्रेमी के साथ होटल पहुंची पत्नी, पीछा करते हुए पहुंचा पति; आधी रात को पुलिस ने खुलवाया कमरा
2025 में किया था प्रेम विवाह, शादी के बाद शुरू हुए विवाद
बदायूं निवासी युवक ने पुलिस को बताया कि उसने वर्ष 2025 में बदायूं की ही एक युवती से प्रेम विवाह किया था। उसके मुताबिक, शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद होने लगे और पत्नी ज्यादातर समय अपने मायके में रहने लगी। इस दौरान दोनों का एक बेटा भी हुआ, लेकिन पति का आरोप है कि पत्नी बच्चे को अपना मानने से इनकार करती थी।
युवक का कहना है कि कुछ समय बाद पत्नी ने उससे बातचीत करना और उसके पास आना भी बंद कर दिया। उसने पत्नी से अलग होने से इनकार किया, जिसके बाद उसे पत्नी पर शक होने लगा और उसने उसकी निगरानी शुरू कर दी। पति के मुताबिक, जब उसने पत्नी से किसी दूसरे युवक के बारे में सवाल किया तो उसने सबूत दिखाने की बात कही।
युवक ने पत्नी पर गंभीर आरोप भी लगाए। उसका दावा है कि पत्नी कई बार उसका गला दबाकर जान लेने की कोशिश कर चुकी है। उसने यह भी आरोप लगाया कि पत्नी उसे नीले ड्रम में मारकर रखने की धमकी देती थी।
बदायूं से ही पत्नी का पीछा करने लगा पति
युवक के मुताबिक, गुरुवार को वह किसी काम से बदायूं से बरेली आ रहा था। इसी दौरान उसे स्टेशन पर पत्नी दिखाई दी। शक होने पर उसने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। पति का आरोप है कि पत्नी बदायूं में रहने वाले अपने प्रेमी के साथ थी और वह दोनों के पीछे-पीछे बरेली पहुंच गया।
उसने बताया कि पत्नी और उसके प्रेमी ने बरेली में तीन-चार होटलों में कमरा लेने की कोशिश की। इसके बाद दोनों जंक्शन के पास स्थित एक होटल में चले गए। पति भी उनका पीछा करते हुए वहां पहुंच गया।
रात 11 बजे पुलिस ने होटल का कमरा खुलवाया
पति की सूचना पर रात करीब 11 बजे कोतवाली पुलिस होटल पहुंची। पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाया तो महिला अपने प्रेमी के साथ वहां मौजूद मिली। इसके बाद पुलिस तीनों को कोतवाली ले आई।
वहां प्रेमी ने महिला के साथ पांच साल से संबंध होने की बात कही। उसने यह भी कहा कि उसे महिला की शादी के बारे में जानकारी नहीं थी। दूसरी ओर, महिला ने पति के साथ रहने से साफ इनकार कर दिया और प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी रही।
महिला प्रेमी के साथ गई, बच्चा पिता को सौंपा
कोतवाली इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया कि पति ने पुलिस को जानकारी दी कि उसने महिला से प्रेम विवाह किया था। हालांकि, जब पत्नी उसके साथ नहीं रहना चाहती तो वह भी उसे जबरन अपने साथ नहीं रखना चाहता।
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता हो गया। समझौते के बाद महिला अपने प्रेमी के साथ चली गई, जबकि बच्चे को उसके पिता को सौंप दिया गया।