‘एमएलसी चुनाव में भाजपा ऑल आउट, लखनऊ वाले दिल्ली का फोन नहीं उठा रहे’, नतीजों के बाद अखिलेश यादव का तंज

0 16

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव के नतीजों को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने वाराणसी में मिली हार का जिक्र करते हुए तंज कसा कि लखनऊ वाले दिल्ली के नेताओं का फोन नहीं उठा रहे हैं। अखिलेश ने दावा किया कि एमएलसी चुनाव में भाजपा पूरी तरह से ‘ऑल आउट’ हो गई है। इसके साथ ही उन्होंने आकाश अग्रवाल के साथ कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा उठाते हुए वैश्य समाज को पीडीए से जोड़ने की कोशिश की।

केशव मौर्य के बयान पर भी साधा निशाना

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर एक अन्य पोस्ट में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के सीटों का आंकड़ा बराबर होने संबंधी बयान पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि पीडीए की जीत से केशव प्रसाद मौर्य भी अंदर ही अंदर खुश हैं। अखिलेश ने टिप्पणी की कि घर छोड़ देने से कोई पराया नहीं हो जाता।

गोरखपुर और वाराणसी में धांधली का लगाया आरोप

सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि गोरखपुर में भाजपा ने कथित तौर पर ऐसी चाल चली, जिसके कारण वहां वाराणसी जैसे परिणाम नहीं आए। उन्होंने दावा किया कि गोरखपुर में भी भाजपा नैतिक रूप से हार गई है।

वाराणसी स्नातक सीट पर मतदान रोकने और मतदान की गति धीमी करने को लेकर भी अखिलेश ने सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके पीछे की साजिश को लोग समझ रहे हैं और भाजपा इसमें सफल नहीं होगी।

आकाश अग्रवाल और संजय त्रिपाठी का मुद्दा उठाया

अखिलेश यादव ने बयान जारी कर आरोप लगाया कि एमएलसी चुनाव जीतने के लिए भाजपा नेताओं, उनके सहयोगियों और कथित रूप से संलिप्त अधिकारियों ने हर तरह के हथकंडे अपनाए। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में डॉ. संजयन त्रिपाठी और आगरा में डॉ. आकाश अग्रवाल के आंसू उनके समाज और शिक्षकों को याद रहेंगे।

सपा प्रमुख ने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराकर लोग अपना ‘गुरु संकल्प’ पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी डॉ. संजयन त्रिपाठी के समाज के साथ होने वाले अन्याय के खिलाफ खड़ी है।

अखिलेश ने आकाश अग्रवाल के साथ भाजपा नेताओं द्वारा कथित दुर्व्यवहार का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, इस घटना से अग्रहरि समाज आहत है। उन्होंने दावा किया कि अग्रवाल समाज के जुड़ने से राजनीतिक मुकाबला पांच प्रतिशत भाजपा बनाम 95 प्रतिशत पीडीए का हो गया है।

सपा नेताओं से संयम बरतने की अपील

एमएलसी चुनाव के नतीजों के बीच अखिलेश यादव ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से संयम बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जीत के बाद कोई जुलूस नहीं निकाला जाना चाहिए, ताकि भाजपा के लोग उसमें शामिल होकर माहौल खराब न कर सकें।

सपा अध्यक्ष ने आशंका जताई कि भाजपा साजिश के जरिए उनकी पार्टी की छवि बिगाड़ने की कोशिश कर सकती है। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से सभी लोगों का अभिनंदन वह स्वयं करेंगे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.