ओबीसी छात्रों के लिए छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति का रास्ता साफ, 10 सितंबर तक पूरी करनी होगी जरूरी प्रक्रिया

0 37

गौतमबुद्धनगर: वित्तीय वर्ष 2025-26 में आवेदन अग्रसारित न होने, पीएफएमएस से आवेदन निरस्त होने और अन्य कारणों से छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति से वंचित अन्य पिछड़ा वर्ग के दशमोत्तर छात्र-छात्राओं के लिए राहत की खबर है। शासन ने ऐसे विद्यार्थियों के भुगतान के लिए छात्रवृत्ति पोर्टल खोलने और पूरी प्रक्रिया के लिए समय-सारिणी जारी कर दी है।

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश कुमार सिसौदिया ने बताया कि शासन के निर्देश के तहत अन्य पिछड़ा वर्ग के वंचित दशमोत्तर कक्षाओं के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति का भुगतान किया जाना है। इसमें अल्पसंख्यक पिछड़े वर्ग के विद्यार्थी शामिल नहीं हैं।

7 सितंबर तक तैयार होगा शिक्षण संस्थानों का मास्टर डाटा

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 1 सितंबर से 7 सितंबर 2026 तक शिक्षण संस्थानों को मास्टर डाटा तैयार करना होगा। इसके बाद 2 सितंबर से 8 सितंबर तक विश्वविद्यालय या संबद्ध संस्था द्वारा फीस समेत अन्य आवश्यक विवरणों का सत्यापन किया जाएगा।

10 सितंबर तक पूरी होगी सत्यापन और परिणाम अद्यतन की प्रक्रिया

जिला समाज कल्याण विभाग की ओर से 3 सितंबर से 9 सितंबर 2026 तक फीस आदि का सत्यापन किया जाएगा। वहीं विश्वविद्यालय या संबद्ध संस्था को 3 सितंबर से 10 सितंबर 2026 तक विद्यार्थियों के परिणाम अद्यतन करने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

शिक्षण संस्थानों को समय सीमा में कार्रवाई के निर्देश

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने जनपद में संचालित सभी शिक्षण संस्थानों से कहा है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में आवेदन आगे न भेजे जाने, पीएफएमएस से आवेदन निरस्त होने अथवा अन्य कारणों से छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति से वंचित अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों से जुड़ी सभी आवश्यक कार्रवाई निर्धारित समयावधि में पूरी की जाए।

शासन की ओर से जारी समय-सारिणी के अनुसार संबंधित शिक्षण संस्थानों, विश्वविद्यालयों और विभागीय अधिकारियों को निर्धारित तारीखों के भीतर अपनी प्रक्रिया पूरी करनी होगी, ताकि पात्र वंचित विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति का भुगतान किया जा सके।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.