यूपी को वैश्विक वस्त्र केंद्र बनाने की तैयारी, 8-9 सितंबर को लखनऊ में होगा ‘यू.पी. टैक्स-2026’; नोएडा में 3 सितंबर को रोड शो

0 48

गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश को वैश्विक वस्त्र केंद्र के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग की ओर से ‘यू.पी. टैक्स-2026’ सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। दो दिवसीय सम्मेलन 8 और 9 सितंबर 2026 को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित जुपिटर हॉल में होगा। सम्मेलन का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।

मुख्य सम्मेलन से पहले 3 सितंबर 2026 को नोएडा में ‘यू.पी. टैक्स-2026’ का कर्टेन रेजर और रोड शो आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन भवन, बी-110/ए, सेक्टर-06, नोएडा में होगा।

मंत्री राकेश सचान करेंगे रोड शो का नेतृत्व

परिक्षेत्रीय सहायक आयुक्त हथकरघा, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग, पश्चिम क्षेत्र मेरठ/सहारनपुर मंडल अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि नोएडा में होने वाले कर्टेन रेजर और रोड शो कार्यक्रम का नेतृत्व उत्तर प्रदेश सरकार के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान करेंगे।

उन्होंने बताया कि इस आयोजन के जरिए मुख्य सम्मेलन को लेकर उद्योग जगत और संबंधित पक्षों के बीच जागरूकता एवं भागीदारी बढ़ाने की दिशा में प्रयास किया जाएगा।

नीति निर्माता से लेकर निवेशक और निर्यातक होंगे एक मंच पर

‘यू.पी. टैक्स-2026’ सम्मेलन में नीति निर्माता, वैश्विक निवेशक, वस्त्र निर्माता, निर्यातक और वस्त्र उद्योग से जुड़े नवप्रवर्तक एक मंच पर जुटेंगे। आयोजन को वस्त्र क्षेत्र में निवेश, उद्योग और नवाचार से जुड़े विभिन्न पक्षों को एक साथ लाने के महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है।

विभाग का उद्देश्य सम्मेलन के माध्यम से उत्तर प्रदेश को वैश्विक वस्त्र केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में उद्योग से जुड़े प्रमुख लोगों के बीच संवाद और सहभागिता को बढ़ावा देना है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.