कुशाल टंडन की जबरदस्त रणनीति ने पलटा पूरा खेल, सोहेल खान समेत 4 खिलाड़ी बाहर, सेमीफाइनल में बनाई धमाकेदार एंट्री
मुंबई: रियलिटी शो ‘द अलायंस’ अपने ग्रैंड फिनाले की ओर तेजी से बढ़ रहा है और हर नए एपिसोड के साथ मुकाबला पहले से ज्यादा रोमांचक होता जा रहा है। ताजा एपिसोड में रणनीति, भरोसे और किस्मत की कड़ी परीक्षा देखने को मिली। सबसे बड़ा उलटफेर तब हुआ जब कुशाल टंडन ने शानदार खेल दिखाते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली, जबकि सोहेल खान समेत चार खिलाड़ियों का सफर खत्म हो गया।
सेमीफाइनलिस्ट चुनने में नहीं बनी सहमति
एपिसोड की शुरुआत ‘सिस्टम अलर्ट’ से हुई, जिसमें ‘किंग्स’ और ‘वॉरियर्स’ अलायंस को अपने दूसरे और तीसरे सेमीफाइनलिस्ट का चयन करना था। दोनों टीमों में सहमति नहीं बनने पर अंतिम फैसला अली गोनी के पास गया। सभी पक्षों को सुनने के बाद उन्होंने ‘किंग्स’ अलायंस से रूही दोसानी को दूसरा सेमीफाइनलिस्ट चुना। वहीं ‘वॉरियर्स’ अलायंस में जैद दरबार ने नीति टेलर की भूमिका की सराहना की, जबकि वंशज सिंह ने खुद को भी सेमीफाइनल का मजबूत दावेदार बताया।
डेजी शाह का सफर भी हुआ खत्म
इसके बाद एक और ‘सिस्टम अलर्ट’ में ‘हंटर्स’ अलायंस को अपने ही एक सदस्य को बाहर करना था। इस बार भी किसी निष्कर्ष पर सहमति नहीं बन सकी, जिसके चलते फैसला एक बार फिर अली गोनी ने लिया। अर्सलान गोनी और सोहेल खान को सुरक्षित रखते हुए उन्होंने डेजी शाह को अलायंस हेडक्वार्टर से बाहर करने का निर्णय लिया।
‘ट्रेटर्स’ टास्क ने बदल दिया पूरा समीकरण
एपिसोड का सबसे बड़ा मोड़ ‘ट्रेटर्स’ टास्क के दौरान आया। इसमें मल्लिका शेरावत, शालिनी पासी, कुल्लू और क्रिस्टल डिसूजा ‘ट्रेटर्स’ के रूप में शामिल हुए और खिलाड़ियों के सामने नई चुनौती रखी। नियमों के मुताबिक दर्शकों द्वारा चुने गए एक कंटेस्टेंट को गुप्त रूप से ‘ट्रेटर’ बनाया गया, जबकि बाकी खिलाड़ी ‘इनोसेंट’ की भूमिका में रहे। इस टास्क में सोहेल खान, बाली, एगु स्टेनली, अर्सलान गोनी, जैद दरबार, कुशाल टंडन और वंशज सिंह ने हिस्सा लिया।
कुशाल टंडन की चाल से बाहर हुए कई खिलाड़ी
टास्क के अंत में एगु स्टेनली, अर्सलान गोनी, सोहेल खान और वंशज सिंह को अलायंस हेडक्वार्टर से बाहर होना पड़ा। बाद में खुलासा हुआ कि इस पूरे खेल में असली ‘ट्रेटर’ कुशाल टंडन थे। उनकी रणनीति सफल रही और उन्होंने चौथे सेमीफाइनलिस्ट के रूप में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली।
फिनाले की जंग हुई और दिलचस्प
‘ट्रेटर्स’ टास्क के बाद सेमीफाइनल की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई। अली गोनी पहले ही फाइनल में अपनी जगह बना चुके हैं। उनके अलावा मिनी माथुर, नीति टेलर, कुशाल टंडन और रूही दोसानी सेमीफाइनल की दौड़ में शामिल हैं। पहले सेमीफाइनल मुकाबले में मिनी माथुर को अपना प्रतिद्वंद्वी चुनने का अधिकार मिला, जिसमें उन्होंने कुशाल टंडन को चुना। वहीं दूसरे मुकाबले में नीति टेलर और रूही दोसानी आमने-सामने होंगी। अब फिनाले में पहुंचने के लिए सभी खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी।