गौतमबुद्धनगर: खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश द्वारा वर्ष 2026-27 के सिविल सर्विसेज चयन ट्रायल की तिथियों में संशोधन किए जाने के बाद जनपद गौतमबुद्धनगर में भी नया कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब जिला, मंडल और प्रदेश स्तर के चयन ट्रायल नई तिथियों पर आयोजित किए जाएंगे, जबकि अन्य सभी नियम और शर्तें पूर्ववत लागू रहेंगी।
अब इन तिथियों पर होंगे चयन ट्रायल
जिला खेल कार्यालय गौतमबुद्धनगर के सहायक प्रशिक्षक डॉ. परवेज अली ने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार जिला स्तरीय चयन ट्रायल 13 अगस्त 2026 को आयोजित होंगे। इसके बाद मंडलीय स्तरीय चयन ट्रायल 18 और 19 अगस्त 2026 तथा प्रदेश स्तरीय चयन ट्रायल 24 और 25 अगस्त 2026 को आयोजित किए जाएंगे।
विधानमंडल सत्र के चलते बदली गईं तिथियां
उन्होंने बताया कि खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में यह संशोधन किया गया है। विधान सभा और विधान परिषद के सत्र के आयोजन को देखते हुए उत्तर प्रदेश सिविल सर्विसेज खिलाड़ी एसोसिएशन के अनुरोध पर चयन ट्रायल की पूर्व निर्धारित तिथियों में बदलाव किया गया है।
पहले यह था कार्यक्रम
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला स्तरीय ट्रायल 6 अगस्त, मंडलीय ट्रायल 12 और 13 अगस्त तथा प्रदेश स्तरीय ट्रायल 19 और 20 अगस्त 2026 को प्रस्तावित थे। अब संशोधित कार्यक्रम के तहत सभी चरण नई तिथियों पर संपन्न होंगे।
अन्य नियम और शर्तें रहेंगी यथावत
जिला खेल कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि केवल चयन ट्रायल की तिथियों में संशोधन किया गया है। पात्रता, चयन प्रक्रिया और अन्य सभी नियम एवं शर्तें पहले की तरह ही लागू रहेंगी।