18 से 28 अगस्त तक चलेगा विशेष एमआर टीकाकरण अभियान, गौतमबुद्धनगर में 5 से 10 साल के छूटे बच्चों को लगेगी वैक्सीन

0 24

गौतमबुद्धनगर: जनपद में 18 से 28 अगस्त 2026 तक विशेष एमआर (मीजल्स-रूबेला) टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग के उन बच्चों को एमआर वैक्सीन की डोज दी जाएगी, जो किसी कारणवश पहले टीकाकरण से वंचित रह गए थे। अभियान की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स (डीटीएफ) की बैठक आयोजित की गई।

कोविड के दौरान छूटे बच्चों पर रहेगा विशेष फोकस

बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर. के. सिरोहा ने बताया कि कोविड-19 महामारी के दौरान नियमित टीकाकरण प्रभावित होने से कई बच्चे एमआर वैक्सीन नहीं लगवा सके, जिससे उनमें खसरा और रूबेला संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए जनपद के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, मदरसों तथा अन्य शिक्षण संस्थानों में कक्षा 1 से 5 तक के पात्र बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

इन तिथियों पर लगाए जाएंगे टीके

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभियान के तहत 18, 20, 21, 24, 25, 27 और 28 अगस्त 2026 को निर्धारित सत्रों में एमआर वैक्सीन की डोज दी जाएगी। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

14 वर्ष की बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण भी होगा तेज

बैठक में यह भी बताया गया कि जनपद में 28 फरवरी 2026 से एचपीवी टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत 14 वर्ष आयु की पात्र बालिकाओं, जिनका 14वां जन्मदिन पूरा हो चुका है और 15वां जन्मदिन अभी नहीं हुआ है, का निःशुल्क टीकाकरण किया जा रहा है।

सीडीओ ने दिए शत-प्रतिशत टीकाकरण के निर्देश

मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी ने जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) को निर्देश दिए कि सभी सरकारी और निजी विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, मदरसों तथा अन्य शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत पात्र बच्चों का एमआर टीकाकरण पूरी तरह सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही एचपीवी टीकाकरण के लिए पात्र बालिकाओं की सूची तैयार कर संबंधित एएनएम के माध्यम से समयबद्ध तरीके से टीकाकरण कराया जाए।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और आईसीडीएस विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि कोई भी पात्र बच्चा या बालिका टीकाकरण से वंचित न रह जाए।

अधिकारियों ने की अभियान की तैयारियों की समीक्षा

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए. के. झा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी आर. पी. सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) आशीष कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, आईसीडीएस, डब्ल्यूएचओ, गावी, जेएसआई, यूएचसी और जनपद के सभी ब्लॉकों एवं शहरी स्वास्थ्य केंद्रों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.