‘गिरफ्तार करने का डर नहीं, लोकतंत्र बचाने के लिए लड़ता रहूंगा’, दिल्ली रवाना होने से पहले बोले अभिजीत दीपके

0 24

मुंबई: दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए रवाना होने से पहले पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि वह गिरफ्तारी या किसी भी कानूनी कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए उनका आंदोलन जारी रहेगा।

अभिजीत दीपके शनिवार सुबह करीब 6 बजकर 50 मिनट पर मुंबई के वर्ली स्थित फोर सीजन्स होटल से दिल्ली के लिए रवाना हुए। मुंबई एयरपोर्ट पर उन्होंने दिल्ली में की गई सुरक्षा तैयारियों और पाबंदियों को लेकर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि कई रेल सेवाएं रद्द की गई हैं, मेट्रो स्टेशनों पर पाबंदी लगाई गई है और राजधानी में कई तरह के प्रतिबंध लगाए गए हैं। उन्होंने सवाल किया कि सरकार को युवाओं और आम लोगों से इतना डर क्यों लग रहा है।

‘UAPA लगाएं या NSA, आंदोलन जारी रहेगा’

दिल्ली पहुंचने के बाद गिरफ्तारी की संभावना पर अभिजीत दीपके ने कहा कि अगर सरकार उन्हें हिरासत में लेना चाहती है तो वह इसके लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें गिरफ्तारी का डर नहीं है और जरूरत पड़ने पर वह हर कानूनी कार्रवाई का सामना करेंगे।

दीपके ने कहा कि चाहे UAPA लगाया जाए या राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA), वह पीछे नहीं हटेंगे। उनका कहना है कि उनका संघर्ष देश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव तथा लोकतंत्र को बचाने के लिए है।

विरोध प्रदर्शन को बताया मौलिक अधिकार

अभिजीत दीपके ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करना लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने दावा किया कि लोगों को प्रदर्शन में शामिल नहीं होने की चेतावनी दी जा रही है और पुलिस कुछ लोगों से संपर्क कर रही है।

उन्होंने कहा कि संविधान का अनुच्छेद 19 नागरिकों को शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार देता है और उनका संगठन इसी अधिकार के तहत प्रदर्शन करेगा।

दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

CJP के जंतर-मंतर प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। राष्ट्रीय राजधानी में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के करीब 25 हजार जवानों की तैनाती की गई है।

दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशनों पर प्रवेश और निकास को लेकर पाबंदियां लगाई गई हैं। इसके अलावा दिल्ली की सीमाओं, रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनल और अन्य संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

जंतर-मंतर प्रदर्शन को लेकर अलर्ट पर प्रशासन

प्रशासन की ओर से प्रदर्शन स्थल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। पुलिस का फोकस भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर है।

CJP की ओर से यह प्रदर्शन चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर किया जा रहा है। संगठन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपनी मांगें रखी हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.