तेल अवीव जाने वाली फ्लाईदुबई की सभी उड़ानें रद्द, विमान में हाईजैक की कोशिश के बाद एयरलाइन का बड़ा फैसला; 172 यात्री और चालक दल सुरक्षित

0 14

दुबई: फ्लाईदुबई ने तेल अवीव जाने वाली अपनी सभी उड़ानों को अगली सूचना तक अस्थायी रूप से रोक दिया है। एयरलाइन ने यह फैसला 30 सितंबर को उड़ान संख्या FZ 1073 से जुड़ी घटना के बाद लिया है, जिसमें एक ओमानी पायलट ने विमान को हाईजैक करने की कोशिश की थी। एयरलाइन के मुताबिक, अधिकारियों के निर्देश के बाद तेल अवीव जाने वाली उड़ानों को अस्थायी तौर पर निलंबित किया गया है।

फ्लाईदुबई ने कहा कि उसकी टीमें इस फैसले से प्रभावित यात्रियों की मदद कर रही हैं और उन्हें उनकी मंजिल तक पहुंचाने के लिए काम किया जा रहा है। एयरलाइन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गैल अल गैथ ने कहा कि फ्लाईदुबई इस मामले की चल रही जांच में पूरा सहयोग कर रही है।

172 यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित

फ्लाईदुबई के सीईओ गैल अल गैथ ने घटना को लेकर जानकारी साझा करते हुए बताया कि विमान में सवार सभी 172 यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। उन्होंने कैप्टन स्मित मच्छार के बारे में भी जानकारी दी और बताया कि चिकित्सा मंजूरी मिलने के बाद वह संयुक्त अरब अमीरात लौट आए हैं।

हादसे के दौरान विमान को सुरक्षित रखने और यात्रियों की जान बचाने के लिए गैथ ने कैप्टन स्मित मच्छार समेत अन्य चालक दल के सदस्यों की सराहना की।

मुश्किल हालात में यात्रियों ने भी क्रू का दिया साथ

गैल अल गैथ ने आपात स्थिति के दौरान धैर्य बनाए रखने और चालक दल की मदद करने वाले यात्रियों का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि विमान के कप्तान और पायलटों ने पेशेवर तरीके से स्थिति संभाली और विमान को सुरक्षित रखा। उन्होंने केबिन क्रू की भूमिका की भी सराहना की।

सीईओ ने कहा कि मुश्किल हालात के बावजूद यात्रियों ने धैर्य बनाए रखा और स्थिति को संभालने में चालक दल की मदद की।

जांच पूरी होने के बाद सामने आएगा घटना का सच

फ्लाईदुबई के सीईओ ने कहा कि FZ 1073 में वास्तव में क्या हुआ, इसे लेकर कई सवाल हैं और संबंधित अधिकारी इसकी जांच कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि फ्लाईदुबई जांच में पूरा सहयोग कर रही है और जरूरी है कि आधिकारिक जांच की प्रक्रिया के जरिए घटना से जुड़ी वास्तविक जानकारी सामने आए।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.