दिल्ली में सिर्फ 1 रुपये में बुक होगा DDA पार्क, प्री-वेडिंग शूट से कॉन्सर्ट तक की मिलेगी सुविधा; जानें पूरा तरीका

0 21

नई दिल्ली: दिल्लीवासियों के लिए डीडीए पार्कों को लेकर नई सुविधा शुरू की गई है। अब राजधानी के चुनिंदा डीडीए पार्कों को ऑनलाइन बुक किया जा सकेगा। खास बात यह है कि शैक्षिक और मनोरंजक गतिविधियों के लिए कुछ पार्क क्षेत्रों की बुकिंग फीस केवल 1 रुपये रखी गई है। हालांकि, अन्य कार्यक्रमों के लिए अलग-अलग शुल्क तय किया गया है। नई व्यवस्था मंगलवार से लागू कर दी गई है।

ऑनलाइन होगी पार्कों की बुकिंग, पहले नहीं थी ऐसी सुविधा

नई नीति लागू होने से पहले डीडीए पार्कों की बुकिंग के लिए लोगों को संबंधित जोन के उद्यान विभाग में जाकर मैन्युअल आवेदन करना पड़ता था। अब यह प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन कर दी गई है।

लोग शिक्षा, साहित्यिक कार्यक्रम, फिटनेस गतिविधियां, सांस्कृतिक आयोजन और अन्य कार्यक्रमों के लिए डीडीए पार्क ऑनलाइन बुक कर सकेंगे। हालांकि, इन पार्कों में शादी समारोह आयोजित करने की अनुमति नहीं होगी। लेकिन प्री-वेडिंग और पोस्ट-वेडिंग शूट के लिए पार्कों की बुकिंग की जा सकेगी।

इन पार्कों में शुरू हुई सुविधा

शुरुआती चरण में बांसेरा पार्क, असिता पार्क और महरौली पुरातत्व पार्क के चिन्हित क्षेत्रों को बुकिंग के लिए उपलब्ध कराया गया है।

बांसेरा पार्क में कैफे टेरेस, फ्लोरल गार्डन और टेबल टॉप प्लेट्यू जैसे स्थान शामिल किए गए हैं। वहीं, असिता पार्क में वाटर बॉडी लॉन, कन्ना लॉन, बुद्धा लॉन, सूर्या लॉन और सर्कुलर लॉन में आयोजन किए जा सकेंगे।

महरौली पुरातत्व पार्क में चारबाग क्षेत्र, कुली खान मकबरे के आसपास का इलाका और व्याख्या केंद्र के सामने का हरित क्षेत्र कार्यक्रमों के लिए उपलब्ध होगा।

तीन श्रेणियों में बांटे गए पार्क क्षेत्र

डीडीए की नई नीति के तहत पार्कों को तीन श्रेणियों में विभाजित किया गया है। श्रेणी ए में भीड़ के आधार पर पार्कों को तीन भागों में बांटा गया है।

ए1 श्रेणी के पार्कों में 200 लोगों तक के कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। इनमें योग, ध्यान, पुस्तक चर्चा, आरडब्ल्यूए बैठक, स्कूल पिकनिक और हेरिटेज वॉक जैसे आयोजन शामिल होंगे।

ए2 श्रेणी के पार्कों में 200 से 500 लोगों तक की क्षमता वाले कार्यक्रम हो सकेंगे। इनमें कॉन्सर्ट, थिएटर, पुस्तक मेले, शिल्प मेले, कॉर्पोरेट और लाइफस्टाइल कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं।

ए3 श्रेणी के पार्कों में 500 से अधिक लोगों की भीड़ वाले बड़े आयोजन, फूड फेस्टिवल और मंच आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।

फिल्म शूटिंग और प्री-वेडिंग के लिए भी मिलेंगे पार्क

नीति के तहत श्रेणी बी में पार्कों के एम्फीथिएटर और बोट क्लब जैसे स्थानों को बुक किया जा सकेगा। वहीं, श्रेणी सी में फिल्मिंग और शूटिंग के लिए जगह उपलब्ध कराई जाएगी।

इस श्रेणी में प्री-वेडिंग और पोस्ट-वेडिंग शूट भी शामिल हैं। हालांकि, शादी समारोह के आयोजन की अनुमति नहीं होगी।

स्कूलों को मिलेगी 1 रुपये में बुकिंग की सुविधा

डीडीए के अनुसार, बाहरी वातावरण में सीखने और अनुभव आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए स्कूलों को विशेष सुविधा दी गई है। शैक्षणिक और मनोरंजक गतिविधियों के लिए तय पार्क क्षेत्रों की बुकिंग फीस केवल 1 रुपये रखी गई है।

इसमें स्कूल पिकनिक, पेंटिंग, फोटोग्राफी, वाद-विवाद प्रतियोगिता और अन्य शैक्षणिक गतिविधियां शामिल हैं।

17 पार्कों को किया गया चिन्हित

डीडीए अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य लोगों को प्रकृति से जोड़ना और खुले स्थानों का बेहतर इस्तेमाल सुनिश्चित करना है। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के निर्देश पर शुरू की गई इस योजना के तहत कुल 17 पार्कों की पहचान की गई है। लोग डीडीए की ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था के जरिए इन पार्कों को अपनी जरूरत के अनुसार आरक्षित कर सकेंगे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.