पीएम किसान की 24वीं किस्त से लेकर नई ट्रेनों तक, पीएम मोदी गुजरात को देंगे 14 हजार करोड़ की सौगात; यूपी को भी मिलेगा फायदा
प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल की विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा के लिए प्रसिद्ध एकता नगर भी जाएंगे। यहां वह सांस्कृतिक और पर्यटन महोत्सव ‘भारत पर्व 2026’ का उद्घाटन करेंगे और नर्मदा आरती में शामिल होंगे।
बनासकांठा में जनसभा को संबोधित करेंगे पीएम
गुजरात पहुंचने के बाद 30 अक्टूबर को प्रधानमंत्री सबसे पहले बनासकांठा जाएंगे। यहां वह ‘एम्ब्रियो ट्रांसफर टेक्नोलॉजी-इन विट्रो फर्टिलाइजेशन’ प्रयोगशाला और ‘भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर’ का दौरा करेंगे। इसके बाद वह जनसभा को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में कहा कि भारत के पशुपालन और डेयरी क्षेत्र में अगली बड़ी छलांग के लिए गुजरात के बनासकांठा में 127 एकड़ में फैले गोवंश प्रजनन एवं अनुसंधान केंद्र की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने इसे विज्ञान और नवाचार के जरिए किसानों के कल्याण को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में होंगे शामिल
प्रधानमंत्री 31 अक्टूबर को एकता नगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार वल्लभभाई पटेल को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इस दौरान वह 400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
इसके बाद वह एकता नगर में वर्षा वन और वामन वृक्ष वाटिका का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री सरदार पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में भी हिस्सा लेंगे।
अहमदाबाद मेट्रो के दो चरणों की रखेंगे आधारशिला
गुजरात दौरे के दौरान प्रधानमंत्री अहमदाबाद मेट्रो के चरण 2ए और 2बी की आधारशिला रखेंगे। मेट्रो के चरण 2ए की लंबाई छह किलोमीटर से अधिक होगी। इसमें कोटेश्वर रोड से एयरपोर्ट के बीच पांच स्टेशन बनाए जाएंगे।
वहीं, चरण 2बी की लंबाई 3.3 किलोमीटर से अधिक होगी। इसके तहत गिफ्ट सिटी से शाहपुर तक तीन स्टेशन शामिल होंगे।
साबरमती-वाराणसी एक्सप्रेस समेत दो ट्रेनों को दिखाएंगे हरी झंडी
प्रधानमंत्री 30 अक्टूबर को गुजरात में दो नई रेल सेवाओं की शुरुआत करेंगे। वह साबरमती-वाराणसी एक्सप्रेस और मेहसाणा-बेचराजी-साबरमती मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। साबरमती-वाराणसी एक्सप्रेस के शुरू होने से गुजरात और उत्तर प्रदेश के बीच रेल संपर्क को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
अहमदाबाद-मेहसाणा रोड को चार से आठ लेन करने की तैयारी
प्रधानमंत्री करीब 2,600 करोड़ रुपये की लागत वाली अहमदाबाद-मेहसाणा रोड परियोजना की आधारशिला रखेंगे। इसके तहत राज्य राजमार्ग संख्या-41 को चार लेन से बढ़ाकर आठ लेन किया जाएगा और सड़क को मजबूत बनाया जाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद अहमदाबाद और उत्तरी गुजरात के बीच यात्रा तेज, सुरक्षित और अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है।
4,030 नए बाल-अनुकूल आंगनवाड़ी केंद्रों की रखेंगे नींव
प्रधानमंत्री गुजरात में 4,030 नए बाल-अनुकूल आंगनवाड़ी केंद्रों की आधारशिला रखेंगे। इसके साथ ही 361 पूर्ण हो चुके बाल-अनुकूल आंगनवाड़ी केंद्रों का उद्घाटन भी करेंगे। इस परियोजना पर करीब 800 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और इससे लगभग चार लाख लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
कृषि क्षेत्र की 521 परियोजनाएं राष्ट्र को करेंगे समर्पित
प्रधानमंत्री कृषि अवसंरचना कोष के तहत पूरी की गई 521 परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन पर लगभग 4,950 करोड़ रुपये की लागत आई है। परियोजनाओं में कोल्ड स्टोरेज और कोल्ड चेन सुविधाएं, गोदाम, साइलो, पॉलीहाउस, ग्रीनहाउस, एकीकृत प्राथमिक एवं माध्यमिक प्रसंस्करण सुविधाएं और प्राथमिक प्रसंस्करण केंद्र शामिल हैं।
15 नवंबर तक चलेगा भारत पर्व 2026
प्रधानमंत्री 30 अक्टूबर को एकता नगर में भारत पर्व 2026 का उद्घाटन करेंगे। राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह के तहत आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य देश की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रदर्शित करना है।
‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना से जुड़े इस आयोजन में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अपनी परंपराओं, लोक कलाओं, क्षेत्रीय व्यंजनों, हस्तशिल्प और पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इससे एकता नगर और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। यह महोत्सव 15 नवंबर 2026 तक जारी रहेगा।