बंगाल समेत 10 से ज्यादा राज्यों में आज भारी बारिश का अलर्ट, 60 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; जानें दिल्ली समेत पूरे देश का मौसम

0 16

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में शनिवार को बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने मध्य, पूर्वी, पूर्वोत्तर, पश्चिमी और दक्षिणी भारत के कुछ हिस्सों में कहीं-कहीं या छिटपुट बारिश की संभावना जताई है। केरल, कर्नाटक, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और दक्षिणी राज्यों के अलावा पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भी बारिश होने के आसार हैं। कई इलाकों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

केरल में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि इनकी गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में भी गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

पूर्वोत्तर के इन राज्यों में बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट

अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 2 से 8 अक्टूबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 3 अक्टूबर को असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है।

60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बारिश के आसार हैं।

वहीं, 6 से 8 अक्टूबर के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुज़फ्फराबाद में बारिश होने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?

शनिवार को दिल्ली और आसपास के इलाकों के लिए मौसम विभाग ने कोई बड़ी चेतावनी जारी नहीं की है। राजधानी में मौसम के काफी हद तक शुष्क रहने का अनुमान है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के अन्य इलाकों में भी मौसम इसी तरह रहने की संभावना है।

शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, राजधानी की वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में रही। लोधी रोड पर अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि आया नगर में यह सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक 36 डिग्री सेल्सियस रहा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.