बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने की उल्टी गिनती शुरू, आज से पंच पूजा का आगाज; सबसे पहले बंद होंगे भगवान गणेश के द्वार
गोपेश्वर: उत्तराखंड के प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में शीतकाल के लिए कपाट बंद करने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। 16 नवंबर को भगवान बदरी विशाल के मंदिर के कपाट बंद किए जाएंगे, लेकिन इससे पहले धार्मिक परंपराओं के अनुसार पंच पूजा की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसकी शुरुआत 12 नवंबर यानी आज भगवान गणेश के कपाट बंद करने के साथ होगी। दिनभर विशेष पूजा-अर्चना के बाद शाम को संध्याकालीन आरती के पश्चात भगवान गणेश को मंडप में निर्धारित स्थान पर विराजमान किया जाएगा और उनके मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाएंगे।
आज भगवान गणेश के कपाट होंगे बंद
बदरीनाथ धाम में कपाट बंद होने से पहले पंच पूजा का विशेष धार्मिक महत्व है। इसके तहत सबसे पहले 12 नवंबर को भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के बाद उनके कपाट बंद किए जाएंगे। इस दौरान भगवान गणेश को परिक्रमा परिसर स्थित भोग मंडी के पास बने मंदिर से हटाकर नारायण के साथ विराजमान किया जाएगा। दिनभर धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-पाठ होंगे। शाम को संध्याकालीन आरती के बाद उन्हें मंडप में निर्धारित स्थान पर स्थापित किया जाएगा।
16 नवंबर को रात 9:37 बजे बंद होंगे बदरीनाथ धाम के कपाट
श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को रात 9 बजकर 37 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद होंगे। मंदिर समिति ने कपाट बंद करने से पहले होने वाले सभी धार्मिक अनुष्ठानों की तैयारियां शुरू कर दी हैं। बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि पंच पूजा के तहत निर्धारित तिथियों पर अलग-अलग धार्मिक परंपराएं निभाई जाएंगी।
पंच पूजा का पूरा कार्यक्रम
पंच पूजा की शुरुआत 12 नवंबर को भगवान गणेश के कपाट बंद करने के साथ होगी। इसके बाद 13 नवंबर को आदि केदारेश्वर और आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद किए जाएंगे।
14 नवंबर को खड्ग पुस्तक पूजा संपन्न होगी और वेद ऋचाओं का वाचन बंद किया जाएगा। वहीं, 15 नवंबर को माता लक्ष्मी जी को श्री बदरीनाथ मंदिर में विराजमान होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इन सभी धार्मिक प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद 16 नवंबर को रात 9 बजकर 37 मिनट पर बदरीनाथ धाम के मुख्य कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।
इनकी मौजूदगी में संपन्न होंगी धार्मिक परंपराएं
बदरीनाथ धाम में पंच पूजा के सभी अनुष्ठान रावल अमरनाथ नंबूदरी, नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी, धर्माधिकारी आचार्य स्वयंवर सेमवाल, वेदपाठी डॉ. रवीन्द्र भट्ट, आचार्य वाणी विलास डिमरी और डॉ. अमित बंदोलिया की मौजूदगी में संपन्न कराए जाएंगे।