‘बाकी जिंदगी आपके प्यार के काबिल बनने में बिताऊंगा…’, Nvidia विवाद के बीच जेनसन हुआंग का परिवार के नाम भावुक संदेश

0 12
वाशिंगटन: दुनिया की प्रमुख चिप निर्माता कंपनी Nvidia के सीईओ पद से इस्तीफा देने के बाद जेनसन हुआंग ने पहली बार पूरे विवाद पर खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने कंपनी के सामने खड़ी हुई मुश्किलों के लिए खेद जताया और अपनी निजी जिंदगी में हुई गलतियों की जिम्मेदारी भी स्वीकार की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए 277 शब्दों के संदेश में उन्होंने अपने परिवार के लिए एक भावुक बात कही। हुआंग ने लिखा कि वह अपनी बाकी जिंदगी इस तरह बिताना चाहते हैं, जिससे वह अपने परिवार के प्यार के काबिल बने रहें।

क्या है जेनसन हुआंग के इस्तीफे से जुड़ा पूरा विवाद?

रिपोर्ट के मुताबिक, कथित चीनी जासूस और एआई चिप उद्योग से जुड़े दो अन्य अधिकारियों के साथ जेनसन हुआंग के संबंधों को लेकर खबरें सामने आने के बाद गुरुवार को उन्होंने Nvidia के सीईओ पद से इस्तीफा दे दिया था।

इससे पहले पिछले सप्ताह हुआंग ने सिंगापुर की क्लाउड कंप्यूटिंग कंपनी मेगास्पीड की कार्यकारी ऐलिस हुआंग के साथ अपने संबंधों को लेकर खुलासा किया था। उन्होंने स्वीकार किया था कि वह अपनी पत्नी के प्रति वफादार नहीं रहे। उनकी पत्नी लोरी मिल्स पिछले 41 वर्षों से उनकी जीवनसाथी हैं। इस पूरे विवाद पर लोरी की ओर से अब तक कोई सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया है।

बोर्ड से मांगी माफी, अपनी गलतियों की ली जिम्मेदारी

एक्स पर साझा किए गए संदेश में हुआंग ने कहा कि पिछले एक सप्ताह के दौरान उन्हें दोस्तों, उद्योग जगत के सहयोगियों और ऐसे लोगों से भी समर्थन मिला, जिन्हें वह व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते। उन्होंने अपने और अपने परिवार के प्रति संवेदना और सहयोग दिखाने वाले सभी लोगों का आभार जताया।

उन्होंने अपने संदेश में अमेरिका से जुड़ाव और Nvidia के साथ अपने लंबे सफर का भी जिक्र किया। हुआंग ने बताया कि वह 53 साल पहले अमेरिका आए थे और अमेरिकी नागरिक बनना उनके जीवन के सबसे गर्व के पलों में से एक रहा है। उन्होंने Nvidia को अपने जीवन का सबसे महत्वपूर्ण काम बताते हुए कहा कि सहयोगियों के साथ मिलकर कंपनी को इस मुकाम तक पहुंचाना उनके लिए सम्मान की बात रही है।

हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि वह कंपनी में सभी की अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर सके। निजी जिंदगी में हुई गंभीर गलतियों के साथ-साथ उन्होंने बोर्ड के सामने मुश्किलें खड़ी करने के लिए भी अफसोस जताया। हुआंग ने कहा कि वह अपनी गलतियों की पूरी जिम्मेदारी लेते हैं और बोर्ड की स्वतंत्र जांच में पूरा सहयोग करेंगे।

क्या फिर Nvidia के CEO बन सकते हैं जेनसन हुआंग?

अपने संदेश में हुआंग ने यह भी दावा किया कि उनके पद छोड़ने के बाद Nvidia के कर्मचारियों, निवेशकों, कारोबारी साझेदारों और ग्राहकों की ओर से उन्हें दोबारा सीईओ की जिम्मेदारी संभालने का आग्रह किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कंपनी इस समय तकनीक, बाजार, प्रतिस्पर्धा और भू-राजनीतिक परिस्थितियों से जुड़ी जटिल चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे में कई लोग उनसे सीधे संपर्क कर रहे हैं।

हुआंग ने अपनी संभावित वापसी को लेकर कहा कि यदि कंपनी का निदेशक मंडल यह मानता है कि उनकी वापसी शेयरधारकों, कर्मचारियों, कंपनी और अमेरिका के हित में होगी, तो उन्हें दोबारा सीईओ की जिम्मेदारी संभालने में खुशी और सम्मान महसूस होगा।

1 दिसंबर को अमेरिकी संसद की तीन समितियों के सामने होंगे पेश

इस विवाद के बीच Nvidia को लेकर अमेरिकी संसद में भी सवाल उठ रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी के शेयरों पर पिछले एक सप्ताह की घटनाओं का असर पड़ा है। कुछ समय पहले तक Nvidia दुनिया की सबसे मूल्यवान सार्वजनिक रूप से सूचीबद्ध कंपनी थी।

अमेरिकी सांसदों ने मंगलवार को बताया कि जेनसन हुआंग 1 दिसंबर को अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की तीन समितियों के सामने पेश होंगे। वहां उनसे इस बात पर सवाल किए जाएंगे कि चीन को Nvidia के माध्यम से अमेरिका की अत्याधुनिक चिप तकनीक तक पहुंच कैसे मिली।

परिवार के लिए लिखा जिंदगी का सबसे भावुक संदेश

अपने 277 शब्दों के संदेश के आखिर में हुआंग ने परिवार के प्रति प्यार और अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की। उन्होंने लिखा, ‘मेरा परिवार, मैं आप सभी से प्यार करता हूं और अपनी बाकी जिंदगी इस तरह बिताऊंगा कि मैं आपके प्यार के काबिल बना रहूं।’

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.