लखनऊ में सफर होगा आसान, एक चार्ज में 200 KM तक दौड़ेंगी ई-बसें; शहर को मिलेंगी 300 नई इलेक्ट्रिक बसें

0 11
लखनऊ: राजधानी में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने की तैयारी तेज हो गई है। शहर को जल्द ही ऐसी नई इलेक्ट्रिक बसें मिलने की उम्मीद है, जो एक बार चार्ज होने पर 200 किलोमीटर तक का सफर तय कर सकेंगी। अभी लखनऊ में चल रहीं इलेक्ट्रिक सिटी बसों की रेंज 80 से 120 किलोमीटर तक है। जाम या रूट डायवर्जन के कारण रास्ता लंबा होने पर कई बार बैटरी खत्म होने की समस्या सामने आती है। नई बसों के आने से इस परेशानी में कमी आने और यात्रियों को अधिक सुविधाजनक सफर मिलने की उम्मीद है।

लखनऊ को मिलेंगी 300 नई इलेक्ट्रिक बसें

सिटी ट्रांसपोर्ट की योजना के तहत राजधानी में कुल 300 इलेक्ट्रिक बसें संचालित की जाएंगी। इसके लिए 14 नए रूट भी चिह्नित किए गए हैं। बसों की आपूर्ति होने के बाद इन मार्गों पर संचालन शुरू कराया जाएगा।

दरअसल, जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय शहरी नवीकरण मिशन के तहत लखनऊ को वर्ष 2009-10 में 250 सीएनजी बसें मिली थीं। इन बसों की 15 साल की निर्धारित आयु पूरी होने के बाद इन्हें सड़क से हटा दिया गया है। इसके बाद शहर में फिलहाल 115 इलेक्ट्रिक बसें ही संचालित हो रही हैं।

180 से 200 किलोमीटर तक होगी नई बसों की रेंज

नगरीय परिवहन निदेशालय ने लखनऊ समेत प्रदेश के अन्य शहरों के लिए 1,225 इलेक्ट्रिक सिटी बसें उपलब्ध कराने का प्रस्ताव तैयार किया था, जिसे कैबिनेट की मंजूरी मिल चुकी है। इस योजना में लखनऊ के हिस्से में 300 बसें आएंगी।

इनमें 9 मीटर लंबाई वाली 100 बसें और 12 मीटर लंबाई वाली 200 बसें शामिल होंगी। नगरीय परिवहन प्राधिकरण के संयुक्त सचिव अजीत सिंह के मुताबिक, 9 मीटर की बसें एक बार चार्ज होने पर 180 किलोमीटर तक चल सकेंगी, जबकि 12 मीटर की बसों की रेंज 200 किलोमीटर होगी।

14 नए मार्गों पर होगा बसों का संचालन

सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड ने नई बसों के संचालन के लिए 14 मार्ग चिह्नित किए हैं। बसें उपलब्ध होने के बाद इन रूटों पर सेवा शुरू की जाएगी। इससे शहर के अलग-अलग इलाकों के बीच सार्वजनिक परिवहन की कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।

फिलहाल नौ मार्गों पर चल रहीं सिटी बसें

शहर में मेट्रो के सभी मार्गों से सिटी बसों का संचालन हटा लिया गया है। फिलहाल नौ मार्गों पर बसें चल रही हैं। इनमें बालागंज चौराहे से विराजखंड, दुबग्गा से मोहनलालगंज, घंटाघर से नैमिषारण्य, स्कूटर इंडिया से अवध बस स्टेशन, एयरपोर्ट से अवध बस स्टेशन कमता, राजाजीपुरम से बीबीडी और मुंशी पुलिया से इंटीग्रल यूनिवर्सिटी समेत अन्य मार्ग शामिल हैं।

नई इलेक्ट्रिक बसों के आने से लखनऊ में सार्वजनिक परिवहन का दायरा बढ़ेगा। साथ ही, लंबी दूरी के रूटों पर बार-बार चार्जिंग की जरूरत कम होने और प्रदूषण रहित यात्रा को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.