भारत पर 17% अतिरिक्त अमेरिकी टैरिफ का प्रस्ताव, ट्रंप प्रशासन ने 14 देशों को घेरा; फरवरी से लागू हो सकता है नया शुल्क

0 12

वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने 14 देशों से होने वाले आयात पर नए टैरिफ लगाने का प्रस्ताव पेश किया है। इसमें भारत पर 17 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगाने की बात कही गई है। हालांकि, भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौता समय पर नहीं होता है तो यह शुल्क बढ़कर 25 प्रतिशत तक पहुंच सकता है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने बुधवार को सेक्शन 301 जांच के आधार पर यह प्रस्ताव रखा।

जांच में इन देशों पर संरचनात्मक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता का आरोप लगाया गया है। प्रस्ताव के तहत अलग-अलग देशों पर 15 से 20 प्रतिशत तक अतिरिक्त शुल्क लगाने की बात है। विकसित देशों के लिए अपेक्षाकृत कम दर रखी गई है, जबकि चीन, वियतनाम और सिंगापुर जैसे देशों के लिए अधिक शुल्क प्रस्तावित है।

भारत को 18% के बजाय 17% टैरिफ का प्रस्ताव

भारत को ज्यादातर विकासशील देशों के लिए तय 18 प्रतिशत वाले शुल्क समूह में रखा गया है, लेकिन उसके लिए 17 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ का प्रस्ताव है। यह राहत द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले हिस्से पर समय से हस्ताक्षर होने की शर्त से जुड़ी है। प्रस्ताव के मुताबिक, 25 जनवरी 2027 को इस मामले में सुनवाई होगी और नए टैरिफ फरवरी में लागू किए जा सकते हैं।

फार्मा और मोबाइल फोन निर्यात को राहत

प्रस्ताव में भारतीय दवा और मोबाइल फोन निर्यात को अतिरिक्त शुल्क से छूट दी गई है। वहीं, अमेरिकी जांच में भारत की उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन योजना (PLI), आत्मनिर्भर भारत अभियान और स्टील, सोलर, स्वास्थ्य तथा सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (ICT) क्षेत्रों से जुड़ी नीतियों का उल्लेख किया गया है।

भारत ने अतिरिक्त क्षमता के आरोपों को किया खारिज

भारत सरकार ने अमेरिकी जांच में लगाए गए अतिरिक्त उत्पादन क्षमता के आरोपों को खारिज किया है। सरकार का कहना है कि भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) को लेकर बातचीत जारी है। व्यापार से जुड़ी किसी भी चिंता का समाधान इसी बातचीत के दायरे में किया जाना चाहिए।

भारत सरकार ने यह भी कहा है कि वह अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय की ओर से जारी नोटिस की जांच कर रही है। ऐसे में प्रस्तावित टैरिफ पर आगे का फैसला दोनों देशों के बीच व्यापार वार्ता की दिशा और तय समयसीमा पर निर्भर करेगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.