मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह को दिए खास तोहफे! सम्पूर्ण रामायण पेंटिंग से लेकर काशी के गंगाजल तक, जानिए उपहारों की खासियत

0 16

नई दिल्ली: भारत दौरे के दूसरे और अंतिम दिन नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह का राष्ट्रपति भवन में भव्य स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हुए द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से खास उपहार भेंट किए। इन उपहारों में आंध्र प्रदेश की पारंपरिक शैली में बनी कलमकारी ‘सम्पूर्ण रामायण’ पेंटिंग, वाराणसी का बनारसी ब्रोकेड सिल्क स्टॉल और पीतल के कलश में काशी का पवित्र गंगाजल शामिल रहा। इन तीनों उपहारों के जरिए भारत और नेपाल के गहरे धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों को भी दर्शाया गया।

रामायण की प्रमुख घटनाओं को दर्शाती है कलमकारी पेंटिंग

प्रधानमंत्री मोदी ने बालेन्द्र शाह को कलमकारी शैली में तैयार ‘सम्पूर्ण रामायण’ की विशाल पेंटिंग भेंट की। आंध्र प्रदेश की पारंपरिक श्रीकालहस्ती शैली में सूती कपड़े पर हाथ से बनाई गई इस कलाकृति में भगवान राम के जन्म, वनवास, रावण पर विजय और अयोध्या वापसी तक की प्रमुख घटनाओं को दर्शाया गया है।

इस पेंटिंग को तैयार करने में बांस की कलम और प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल किया गया है। यह भारत की समृद्ध चित्रकला परंपरा, भक्ति और पारंपरिक कारीगरी का प्रतीक है। साथ ही यह भगवान राम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर के बीच धार्मिक एवं सांस्कृतिक जुड़ाव को भी प्रदर्शित करती है।

सादेली बॉक्स में दिया बनारसी ब्रोकेड सिल्क स्टॉल

दूसरे उपहार के रूप में प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री को वाराणसी का बनारसी ब्रोकेड सिल्क स्टॉल भेंट किया। कुशल बुनकरों द्वारा तैयार इस स्टॉल पर बारीक डिजाइन और चमकदार जरी का काम किया गया है। इसे गुजरात के पारंपरिक सादेली बॉक्स में रखा गया है, जिस पर लकड़ी की नक्काशी और ज्यामितीय आकृतियों की खूबसूरत कारीगरी की गई है।

यह उपहार वाराणसी की बनारसी बुनाई और गुजरात की पारंपरिक शिल्पकला की विरासत को एक साथ प्रस्तुत करता है।

पीतल के कलश में दिया काशी का पवित्र गंगाजल

तीसरे उपहार के रूप में पीएम मोदी ने बालेन्द्र शाह को पीतल के सुंदर कलश में काशी का पवित्र गंगाजल भेंट किया। काशी विश्वनाथ मंदिर के निकट बहने वाली गंगा से लिया गया यह जल धार्मिक आस्था, पवित्रता और आध्यात्मिक आशीर्वाद का प्रतीक है।

इस उपहार के जरिए काशी के बाबा विश्वनाथ और काठमांडू के पशुपतिनाथ मंदिर के बीच आध्यात्मिक संबंधों को भी रेखांकित किया गया। दोनों ही भगवान शिव के प्रमुख पूजनीय स्वरूपों से जुड़े तीर्थस्थल हैं। यह उपहार भारत और नेपाल की साझा धार्मिक एवं सभ्यतागत विरासत को दर्शाता है।

नेपाल के प्रधानमंत्री ने भी मोदी को भेंट किए खास उपहार

उपहारों के आदान-प्रदान के दौरान नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने भी नरेंद्र मोदी को रुद्राक्ष की माला और पशुपतिनाथ मंदिर का प्रसाद भेंट किया। हैदराबाद हाउस में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल की बैठक से पहले दोनों नेताओं के बीच हुए इस आदान-प्रदान ने दोनों देशों के सांस्कृतिक जुड़ाव को प्रदर्शित किया।

इससे पहले राष्ट्रपति भवन में बालेन्द्र शाह का औपचारिक स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें गले लगाकर अभिवादन किया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद नेपाली प्रधानमंत्री ने राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्प अर्पित किए और श्रद्धांजलि दी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.