यूपी में चुनाव से पहले फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, एसके भगत लखनऊ पहुंचे; प्रशांत कुमार को मिला आगरा जोन

0 19
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस प्रशासन में तबादलों का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादलों के बाद अब दो और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल दी गई हैं। आगरा जोन के एडीजी एसके भगत को लखनऊ मुख्यालय भेजा गया है, जबकि लखनऊ में एडीजी की जिम्मेदारी संभाल रहे प्रशांत कुमार को आगरा जोन का नया अपर पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है।

आदेश के मुताबिक, 1998 बैच के आईपीएस अधिकारी एसके भगत अब तक अपर पुलिस महानिदेशक, आगरा जोन के पद पर तैनात थे। उन्हें अब मुख्यालय पुलिस महानिदेशक, लखनऊ में नियुक्त किया गया है।

वहीं, 2000 बैच के आईपीएस अधिकारी प्रशांत कुमार, जो अब तक अपर पुलिस महानिदेशक, लखनऊ की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, उन्हें आगरा जोन का नया एडीजी बनाया गया है।

शुक्रवार को 28 आईपीएस अधिकारियों के हुए थे तबादले

इससे पहले शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए थे। इस फेरबदल में नोएडा और गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नरों से लेकर लखनऊ और बरेली जोन के एडीजी तथा कई रेंज के डीआईजी की जिम्मेदारियां बदली गई थीं।

तबादला सूची के मुताबिक, गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ को गौतमबुद्धनगर का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। वहीं, गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद भेजा गया है। लक्ष्मी सिंह करीब चार साल से नोएडा में पुलिस आयुक्त की जिम्मेदारी संभाल रही थीं।

लखनऊ और बरेली जोन के एडीजी भी बदले

लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार को बरेली जोन का अपर पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है। वहीं, बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा अब लखनऊ जोन की जिम्मेदारी संभालेंगे।

इसके अलावा लखनऊ रेंज के आईजी किरण एस को वाराणसी का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। अलीगढ़ रेंज के डीआईजी प्रभाकर चौधरी को लखनऊ रेंज में तैनाती दी गई है।

प्रयागराज और वाराणसी के पुलिस कमिश्नर की भी बदली जिम्मेदारी

पुलिस प्रशासन में किए गए फेरबदल के तहत प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया को एडीजी स्थापना, उत्तर प्रदेश नियुक्त किया गया है। वहीं, वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है।

इन बदलावों को प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत करने और विधानसभा चुनाव से पहले कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में प्रदेश में पुलिस प्रशासन के स्तर पर कुछ और बदलाव भी हो सकते हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.