कन्नौज: उत्तर प्रदेश के कन्नौज में मंगलवार सुबह स्कूली बच्चों से भरी बस भीषण हादसे का शिकार हो गई। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से स्कूल बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चार बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 बच्चे घायल हो गए। घायलों में दो बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। कन्नौज के डीएम और एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायल बच्चों के इलाज की जानकारी ली। अधिकारियों ने डॉक्टरों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
आगरा टूर से लौट रही थी बच्चों से भरी बस
जानकारी के मुताबिक, कौशांबी के ओरिएंटल पब्लिक स्कूल के बच्चे बस से आगरा टूर पर गए थे। मंगलवार सुबह करीब 5:40 बजे बस बच्चों को लेकर वापस कौशांबी लौट रही थी। बस में स्कूल स्टाफ के अलावा 48 बच्चे सवार थे।
जब बस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 209+600 के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बस में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद मौके पर मची चीख-पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में चार बच्चों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं 17 घायल बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें दो बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि 15 बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षित स्थान पर भेजा गया।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ तिर्वा कुलवीर सिंह और ठठिया थाना प्रभारी संजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने राहत कार्य पूरा कराने के बाद हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
प्रशासन की ओर से हादसे में घायल बच्चों और उनके परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिया गया है। फिलहाल पुलिस ट्रक चालक और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।