‘यूपी में बनेगी इंडिया गठबंधन की सरकार’… अजय राय का दावा, भाजपा पर शिक्षा-स्वास्थ्य व्यवस्था बर्बाद करने का लगाया आरोप
वाराणसी: उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने दावा किया है कि राज्य में अगली सरकार इंडिया गठबंधन की बनेगी। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही बातचीत को सकारात्मक बताते हुए कहा कि दोनों दलों के बीच अच्छे और सौहार्दपूर्ण माहौल में चर्चा हुई है और जल्द ही इस पर अंतिम फैसला हो जाएगा।
सपा-कांग्रेस गठबंधन की बातचीत पर जताया भरोसा
अजय राय ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत अभी शुरुआती दौर में है, लेकिन जिस तरह से चर्चा हुई है उससे उम्मीद है कि जल्द ही सीट बंटवारे का निर्णय हो जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस बार इंडिया गठबंधन सरकार बनाने जा रहा है।
भाजपा नेताओं की ओर से गठबंधन को लेकर की जा रही टिप्पणियों पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले भी देश को बेहतर तरीके से चला चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार की नीतियों और कामकाज को लेकर लोगों में नाराजगी है, इसलिए भाजपा को कांग्रेस की वापसी का डर है।
भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
अजय राय ने भाजपा सरकार पर प्रदेश की स्थिति खराब करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य में शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था कमजोर हुई है, माफियाओं का प्रभाव बढ़ा है और पारंपरिक रोजगारों की अनदेखी की गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश को माफियाओं के हवाले कर दिया गया है और जनता आने वाले चुनाव में ऐसे लोगों को जवाब देगी।
मस्जिद और एनकाउंटर मामलों पर कांग्रेस का बचाव
एआईएमआईएम प्रवक्ता शादाब चौहान की ओर से अखिलेश यादव और शिवपाल यादव पर मस्जिदों के ध्वस्तीकरण और एनकाउंटर मामलों को लेकर सवाल उठाए जाने पर अजय राय ने कांग्रेस का पक्ष रखा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर मुद्दे पर मजबूती से खड़ी रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने लखनऊ में शामिना शाह की मजार, मुरादाबाद की मुस्तफा मस्जिद, सहारनपुर और दालमंडी से जुड़े मामलों को लेकर आवाज उठाई और संघर्ष किया।
अजय राय ने एआईएमआईएम पर निशाना साधते हुए कहा कि जब इन मुद्दों को लेकर आंदोलन चल रहे थे, तब पार्टी कहीं नजर नहीं आई। अब चुनाव नजदीक आने पर एआईएमआईएम और असदुद्दीन ओवैसी सक्रिय दिखाई दे रहे हैं।
रामदेव और बागेश्वर धाम को लेकर भी साधा निशाना
बाबा रामदेव की बागेश्वर धाम के शास्त्री को लेकर की गई टिप्पणी पर अजय राय ने कहा कि दोनों भाजपा के सहयोगी हैं और भाजपा को मजबूत करने का काम करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इनकी गतिविधियां भाजपा की राजनीतिक ताकत बढ़ाने के उद्देश्य से जुड़ी रहती हैं।
शिक्षा व्यवस्था और रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरा
अखिलेश यादव के प्रदेश में करीब 27 हजार प्राथमिक स्कूल बंद होने के आरोप पर अजय राय ने सहमति जताई। उन्होंने कहा कि यह आरोप सही है और सरकार की नीतियों से शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचा है।
उन्होंने रोजगार के मुद्दे पर भी भाजपा सरकार को घेरा। अजय राय ने कहा कि एक ओर सरकार हुनर की बात करती है, लेकिन दूसरी ओर पारंपरिक हुनर से जुड़े रोजगार लगातार खत्म हो रहे हैं।
उन्होंने काशी के हैंडलूम उद्योग का उदाहरण देते हुए कहा कि कई काम बंद हो गए हैं और लोगों को पावरलूम में काम करने या सूरत जाने के लिए मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने कहा कि कारपेट उद्योग, मुरादाबाद का पीतल उद्योग और सहारनपुर का लकड़ी का काम भी प्रभावित हुआ है।
अजय राय ने आरोप लगाया कि सरकार का ध्यान शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर नहीं है और दोनों क्षेत्र बदहाल हो चुके हैं।
गुरु नानक जयंती और देव दीपावली की दी शुभकामनाएं
गुरु नानक देव जी की जयंती पर अजय राय ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव ने समाज को एकता, भाईचारे और मिल-जुलकर रहने का संदेश दिया।
उन्होंने मेहनतकश सिख समाज के लोगों को विशेष शुभकामनाएं देते हुए देश की रक्षा में उनके योगदान को याद किया। इसके साथ ही उन्होंने कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली की भी बधाई दी और कहा कि काशी में देव दीपावली का विशेष धार्मिक महत्व है।