‘रणबीर कपूर जूनियर आर्टिस्ट को भी देते हैं क्यू’, रामायण के सेट से इंदिरा कृष्णन ने खोले कई राज

0 17

मुंबई: नितेश तिवारी की फिल्म रामायणम् में माता कौशल्या का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री इंदिरा कृष्णन इन दिनों चर्चा में हैं। टीवी और फिल्मों में 26 साल से काम कर रहीं इंदिरा ने अपने करियर, टीवी इंडस्ट्री में आए बदलाव, महिला सशक्तीकरण से जुड़ी कहानियों और रामायणम् के सेट पर रणबीर कपूर के साथ काम करने का अनुभव साझा किया है।

एक किरदार में निभाए कई अलग-अलग पहलू

इंदिरा कृष्णन इन दिनों शो गंगा माई की बेटियां में दुर्गावती की भूमिका निभा रही हैं। इस शो ने हाल ही में एक साल पूरा किया है। अपने किरदार के बारे में अभिनेत्री ने बताया कि दुर्गावती की भूमिका सिर्फ एक मां तक सीमित नहीं है। इसमें उन्हें एक मां के साथ-साथ ठकुराइन का किरदार निभाने का भी मौका मिला है।

उन्होंने बताया कि बीते एक साल में उन्होंने इस भूमिका में अपनी क्षमता का पूरा इस्तेमाल किया और दर्शकों से उन्हें काफी सराहना मिली। घर के भीतर और बाहर दुर्गावती के व्यक्तित्व में काफी अंतर देखने को मिलता है, जिसे निभाना उनके लिए खास अनुभव रहा।

25 साल में बदल गई टीवी इंडस्ट्री

टेलीविजन में 25 साल से ज्यादा समय बिता चुकीं इंदिरा कृष्णन ने इंडस्ट्री में आए बदलावों पर भी बात की। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने काम शुरू किया था, तब अनुराग बासु ने उन्हें मंजिलें अपनी अपनी शो में मौका दिया था।

इंदिरा के मुताबिक, उस दौर से लेकर अब तक टीवी के काम करने के तरीके में काफी बदलाव आया है। उनका कहना है कि अब कई निर्माता तय बजट के हिसाब से कलाकारों का चयन करते हैं। उन्होंने अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए बताया कि उन्होंने टीवी पर 3,000 रुपये की तनख्वाह से काम शुरू किया था।

अभिनेत्री ने यह भी कहा कि अब टीवी में काम करने वाले लोगों का कंटेंट के प्रति जुनून पहले की तुलना में कम हुआ है। उनके अनुसार, काम जल्द पूरा करने की प्राथमिकता के कारण टीवी के कंटेंट का स्तर भी नीचे गया है।

रणबीर कपूर से मिला पूरा सम्मान

फिल्म एनिमल के बाद इंदिरा कृष्णन ने एक बार फिर रणबीर कपूर के साथ रामायणम् में काम किया है। उन्होंने रणबीर के व्यवहार की तारीफ करते हुए बताया कि अभिनेता ने कभी उन्हें यह महसूस नहीं कराया कि वह टेलीविजन की कलाकार हैं।

इंदिरा ने कहा कि रणबीर ने उन्हें काफी प्यार और सम्मान दिया और उनके साथ काम करते हुए उन्होंने बहुत कुछ सीखा। अभिनेत्री के मुताबिक, रणबीर सीन के दौरान उन्हें क्यू यानी संकेत भी देते थे।

उन्होंने बताया कि टीवी में उन्हें कई बार ऐसे अनुभव हुए हैं, जहां सह-कलाकार क्यू देने के लिए मौजूद नहीं होते थे। इसके उलट रणबीर छोटे से छोटे जूनियर कलाकार को भी खड़े होकर क्यू देते हैं। इंदिरा के मुताबिक, अपने काम के साथ-साथ सह-कलाकारों को इतना सम्मान देने वाले कलाकार कम ही देखने को मिलते हैं।

इंदिरा ने यह भी बताया कि उन्होंने रामायणम् के सेट पर रणबीर की बेटी राहा के लिए कुछ किताबें उपहार में दी थीं।

माता कौशल्या का किरदार बना बड़ा पड़ाव

रामायणम् में माता कौशल्या की भूमिका मिलने को इंदिरा अपने करियर का बड़ा पड़ाव मानती हैं। उन्होंने बताया कि टेलीविजन पर आमतौर पर उन्हें सशक्त किरदारों के प्रस्ताव मिलते हैं, लेकिन नितेश तिवारी ने उन्हें कौशल्या जैसे सौम्य किरदार के लिए चुना।

इंदिरा के मुताबिक, यह एक निर्देशक के तौर पर नितेश तिवारी के भरोसे को दिखाता है। उन्होंने कहा कि माता कौशल्या रामायण की बेहद महत्वपूर्ण पात्र हैं और उन्होंने अपनी तरफ से इस भूमिका को पूरी ईमानदारी से निभाया है। अभिनेत्री को भरोसा है कि रामायणम् बड़े स्तर की फिल्म होगी।

महिला सशक्तीकरण से जुड़ी कहानियों से मिली प्रेरणा

इंदिरा कृष्णन ने महिला सशक्तीकरण से जुड़ी कहानियों के प्रभाव पर भी बात की। उन्होंने बताया कि इंडस्ट्री में काम करते हुए उन्हें 26 साल हो चुके हैं और करीब 20 साल उन्होंने महिला सशक्तीकरण से जुड़ी कहानियों में काम किया है।

उन्होंने 16-17 साल पहले किए गए धारावाहिक कृष्णाबेन खाखरावाला का उदाहरण देते हुए बताया कि उनके किरदार से प्रेरित होकर राजस्थान, अहमदाबाद और भावनगर में कई महिलाओं ने अपनी छोटी खाखरा फैक्ट्रियां शुरू कीं।

इंदिरा ने बताया कि राजस्थान की रिद्धि-सिद्धि खाखरा कंपनी ने भी इस बात का जिक्र अपने इंस्टाग्राम पेज पर किया था। आज वहां कई महिलाएं काम कर रही हैं। अभिनेत्री का कहना है कि आज के युवा काफी स्मार्ट हैं और उन्हें ज्यादा सलाह की जरूरत नहीं है। हालांकि, मुश्किल परिस्थितियों में जल्दी हार मानने के बजाय एक-दूसरे का साथ देना और परिस्थितियों का सामना करना सीखना जरूरी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.