शहीद एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में लगी आग, धुएं से मची अफरा-तफरी; यात्रियों ने चेन पुलिंग कर रोकी ट्रेन
बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में शुक्रवार को शहीद एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में आग लगने से यात्रियों के बीच दहशत फैल गई। कोच से धुआं निकलता देख यात्रियों ने तुरंत चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवा दी। इसके बाद कोच में सवार यात्रियों को बाहर निकाला गया। कुछ ही देर में अंदर घना धुआं भर गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
फायर एक्सटिंग्विशर नहीं खुलने का यात्रियों ने किया दावा
यात्रियों का आरोप है कि कोच में लगे अग्निशमन उपकरण जरूरत के समय खुल नहीं पाए। इससे शुरुआती स्तर पर आग बुझाने में परेशानी हुई। घटना की जानकारी मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने आधे घंटे से अधिक की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस दौरान ट्रेन काफी देर तक रेलवे फाटक पर खड़ी रही। घटना के बाद यात्रियों में आगे की यात्रा को लेकर चिंता बनी रही।
चार्जिंग पॉइंट से चिंगारी निकलने की आशंका
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि स्लीपर कोच में लगे चार्जिंग पॉइंट से निकली चिंगारी के कारण आग लगी होगी। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। इसकी पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
सीओ राजेश सोलंकी ने बताया कि ट्रेन के कोच में आग लगने की सूचना मिलने के बाद वह तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। उनके पहुंचने तक दमकल विभाग की टीम आग पर पूरी तरह काबू पा चुकी थी।