संविधान दिवस पर गौतमबुद्धनगर में जगह-जगह हुए कार्यक्रम, अधिकारियों और आम लोगों ने लिया संविधान के आदर्शों पर चलने का संकल्प

0 56

गौतमबुद्धनगर: संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिले में जनपद, तहसील और विकासखंड स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने भारत के संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ किया और उसमें निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के मूल्यों को अपनाने की शपथ ली। कार्यक्रमों में लखनऊ के लोक भवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित मुख्य समारोह का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण भी किया गया।

मुख्यमंत्री योगी ने 3,955 प्रतिमा स्थलों के सौंदर्यीकरण का किया शुभारंभ

संविधान दिवस पर लखनऊ स्थित लोक भवन के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ कराया। इस मौके पर उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेश में 3,955 प्रतिमा स्थलों के सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ भी किया। इसी कार्यक्रम का गौतमबुद्धनगर के विभिन्न चिन्हित स्थलों पर एलईडी स्क्रीन के जरिए सजीव प्रसारण किया गया।

दादरी के भोगपुर गांव में आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम

विकासखंड दादरी के ग्राम भोगपुर स्थित अंबेडकर पार्क में आयोजित कार्यक्रम में दादरी विधायक के प्रतिनिधि सेवानंद शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी और जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार मौजूद रहे। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रामीणों को डॉ. भीमराव अंबेडकर मूर्ति विकास योजना की जानकारी देते हुए इसके उद्देश्यों और कार्यों के बारे में विस्तार से बताया।

वहीं, कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार पांडे की उपस्थिति में संविधान दिवस समारोह आयोजित किया गया। यहां अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ किया तथा उसमें उल्लेखित आदर्शों, मूल्यों और सिद्धांतों के प्रति निष्ठा बनाए रखने की शपथ ली।

कई गांवों में महापुरुषों के प्रतिमा स्थलों पर हुए आयोजन

जिले के अलग-अलग गांवों और कस्बों में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं के स्थलों पर भी संविधान दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए। ग्राम छायसा में भगवान परशुराम प्रतिमा स्थल पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रियंका की मौजूदगी में कार्यक्रम हुआ।

ग्राम जारचा में महात्मा गांधी प्रतिमा स्थल पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार सिंह, ग्राम खगोड़ा में महाराणा प्रताप प्रतिमा स्थल पर अपर जिलाधिकारी (भू-अर्जन) अरुण कुमार सिंह और ग्राम प्यावली ताजपुर में महाराणा प्रताप प्रतिमा स्थल पर डिप्टी कलेक्टर हरिशंकर लाल की उपस्थिति में समारोह आयोजित किया गया।

इसी क्रम में ग्राम भगवंतपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर डिप्टी कलेक्टर डॉ. पूर्वा शर्मा, ग्राम शमशमनगर में डिप्टी कलेक्टर अभिनेंद्र और कस्बा जेवर के मोहल्ला चामड़वाला स्थित महर्षि वाल्मीकि प्रतिमा स्थल पर डिप्टी कलेक्टर प्रदीप कुमार की मौजूदगी में कार्यक्रम संपन्न हुए।

संविधान के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर

इन सभी आयोजनों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री के लखनऊ स्थित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा और सुना। इसके बाद संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ किया गया। उपस्थित लोगों ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के सिद्धांतों को अपने जीवन और व्यवहार में अपनाने का संकल्प लिया।

जिले में आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों में संविधान के प्रति सम्मान और जागरूकता बढ़ाना रहा। साथ ही लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने, सामाजिक समरसता और समानता की भावना को प्रोत्साहित करने तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित देश के महान समाज सुधारकों और महापुरुषों के विचारों को आमजन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.