नोएडा की इन सड़कों की बदलेगी सूरत, अतिक्रमण हटेगा और बनेंगे फुटपाथ; कई बड़ी परियोजनाओं को भी मिलेगी रफ्तार

0 27
नोएडा: शहर की प्रमुख सड़कों को मॉडल रोड के रूप में विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रीति जायसवाल ने गुरुवार को वर्क सर्किल-1 से 5 तक के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें सफाई व्यवस्था, स्वच्छ सर्वेक्षण, सिविल निर्माण और अनुरक्षण कार्यों के साथ मॉडल रोड और दूसरी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को प्रस्तावित परियोजनाओं के आगणन जल्द स्वीकृत कराकर आगे की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए।

इन प्रमुख सड़कों को मॉडल रोड बनाने की योजना

बैठक में अलग-अलग वर्क सर्किल की ओर से अपने क्षेत्रों में प्रस्तावित मॉडल रोड परियोजनाओं का प्रस्तुतिकरण दिया गया। योजना के तहत अट्टा पीर से एडोब क्रॉसिंग तक का मार्ग, डीएससी रोड पर बॉटेनिकल गार्डन से न्यू अशोक नगर तक का हिस्सा, हाजीपुर अंडरपास से सेक्टर-51-52 अंडरपास तक 75 मीटर चौड़ी सड़क, गिझोड़ रोड और कैलाश रोड को विकसित किया जाएगा।

इसके अलावा सेक्टर-62 में फोर्टिस रोड और बड़े डी-पार्क से छोटे डी-पार्क तक के मार्ग को भी मॉडल रोड बनाने की योजना है। इन सड़कों पर यातायात को सुगम बनाने के लिए अतिक्रमण हटाया जाएगा। साथ ही बेहतर फुटपाथ, पैदल यात्रियों के लिए पार पथ, भूमिगत सर्विसेज और ड्रेनेज व्यवस्था में सुधार जैसे काम किए जाएंगे।

स्वच्छ सर्वेक्षण में देश में छठे स्थान पर रहा नोएडा

बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में नोएडा ने देशभर में छठा और उत्तर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि पर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने संतोष जताया और आगामी सर्वेक्षणों में रैंकिंग और बेहतर करने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।

एलिवेटेड रोड समेत कई बड़ी परियोजनाओं की समीक्षा

बैठक में नोएडा प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक भवन के टावर-1 के निर्माण की भी समीक्षा हुई। इसके अलावा महामाया फ्लाईओवर से यमुना पुस्ता तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड और एफएनजी पर ग्राम छजारसी के पास बनने वाली एलिवेटेड रोड परियोजना का प्रस्तुतिकरण दिया गया।

अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी औपचारिकताएं पूरी करने और जरूरी स्वीकृतियां व अनापत्तियां प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के लिए जल्द से जल्द निविदा प्रक्रिया शुरू की जाए।

प्राधिकरण की वेबसाइट पर अपडेट होंगी विकास योजनाएं

बैठक में नोएडा के विकास और शहरवासियों की सुविधाओं के लिए किए जा रहे कामों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने निर्देश दिए कि प्राधिकरण की वेबसाइट पर विकास कार्यों, उपलब्धियों और शहरवासियों का जीवन आसान बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी नियमित रूप से अपडेट की जाए।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.