संविधान दिवस पर गौतमबुद्धनगर में बड़ा जागरूकता अभियान, 4.55 लाख से अधिक लोगों ने पढ़ी प्रस्तावना और ली मौलिक कर्तव्यों की शपथ

0 21

गौतमबुद्धनगर: संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को गौतमबुद्धनगर में ‘एक स्वर, एक संविधान’ अभियान के तहत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में हुए इन कार्यक्रमों में न्यायिक अधिकारियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, बंदियों और विभिन्न संस्थानों से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मुताबिक, पूरे जनपद में आयोजित कार्यक्रमों में करीब 4,55,019 लोगों की भागीदारी रही।

जिला न्यायालय परिसर में हुआ मुख्य कार्यक्रम

उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अतुल श्रीवास्तव ने की। दीवानी न्यायालय परिसर में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया और उपस्थित लोगों को मौलिक कर्तव्यों की शपथ दिलाई गई। इसमें न्यायिक अधिकारी, न्यायालय कर्मचारी, दिल्ली पब्लिक स्कूल ग्रेटर नोएडा के छात्र-छात्राएं और सुरक्षाकर्मी समेत करीब 300 लोग शामिल हुए।

400 से अधिक स्कूलों में हुए कार्यक्रम

जिले के विद्यालयों में भी संविधान दिवस पर कई गतिविधियां आयोजित की गईं। जिला विद्यालय निरीक्षक के निर्देशन में 400 से अधिक स्कूलों में विद्यार्थियों ने संविधान की प्रस्तावना पढ़ी और मौलिक कर्तव्यों का पालन करने की शपथ ली। इन कार्यक्रमों में करीब 4,31,820 छात्र-छात्राओं और 18,549 शिक्षकों ने हिस्सा लिया।

स्कूलों में संविधान सभा के सदस्यों पर शोध कार्यक्रम, संविधान पर परिचर्चा, क्विज, पोस्टर मेकिंग, संविधान सेल्फी और बुकमार्क से जुड़ी कार्यशालाएं आयोजित की गईं। इसके अलावा प्रभात फेरी, गोष्ठियों और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के जरिए भी विद्यार्थियों को संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया गया। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।

दादरी के कॉलेज में एक हजार से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शिवानी रावत ने आदर्श इंटर कॉलेज, दादरी में विद्यार्थियों के बीच संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया और उन्हें मौलिक कर्तव्यों की शपथ दिलाई। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में एक हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिले के करीब 40 विद्यालयों में विधिक साक्षरता क्लब भी स्थापित किए गए हैं। शेष विद्यालयों में भी ऐसे क्लब बनाए जाने की योजना है।

जेल और सम्प्रेक्षण गृह में भी पहुंचा अभियान

संवैधानिक जागरूकता अभियान को स्कूलों और कॉलेजों तक सीमित नहीं रखा गया। राजकीय सम्प्रेक्षण गृह में रह रहे करीब 350 किशोरों और किशोरियों को संविधान की प्रस्तावना पढ़ाई गई और मौलिक कर्तव्यों की शपथ दिलाई गई। इस दौरान संस्था के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

वहीं, जिला कारागार में बंद करीब 2,000 महिला और पुरुष बंदियों ने भी प्रस्तावना का पाठ किया और मौलिक कर्तव्यों का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जेल के अधिकारी भी शामिल हुए।

विश्वविद्यालयों और विधि संस्थानों में भी आयोजन

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैनल में शामिल 20 से अधिक विश्वविद्यालयों और विधि विद्यालयों में भी संविधान दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए। यहां विधि के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया तथा मौलिक कर्तव्यों की शपथ ली। इन संस्थानों में करीब एक हजार विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भागीदारी की।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अनुसार, इन सभी आयोजनों के जरिए समाज के अलग-अलग वर्गों तक संविधान और नागरिकों के मौलिक कर्तव्यों से जुड़ी जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया गया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.