सीएम डैशबोर्ड पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं! डीएम का सख्त संदेश, गौतमबुद्ध नगर की रैंकिंग सुधारने के दिए कड़े निर्देश

0 26

नोएडा: गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड, सीएमआईएस पोर्टल और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सीएम डैशबोर्ड और सीएमआईएस पोर्टल पर किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।

विभागीय अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही

बैठक के दौरान विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों, विभिन्न निर्माण कार्यों, जीरो पॉवर्टी अभियान, ई-ऑफिस, फैमिली आईडी और आधार सीडिंग से संबंधित जनपद की रैंकिंग की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने विभाग की प्रगति के लिए व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होगा और लक्ष्य पूरा करने में किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

कमजोर प्रदर्शन वाले विभागों पर होगी विशेष निगरानी

जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि सीएम डैशबोर्ड पर जिन विभागों की प्रगति निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप नहीं है, उनकी जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी विभागाध्यक्षों को प्रतिदिन प्रत्येक सूचकांक की समीक्षा कर लंबित मामलों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए।

सिर्फ आंकड़े नहीं, धरातल पर भी दिखे योजनाओं का असर

जिलाधिकारी ने कहा कि पोर्टलों पर केवल आंकड़े अपलोड करना पर्याप्त नहीं है। योजनाओं का प्रभाव जमीनी स्तर पर भी दिखाई देना चाहिए। उन्होंने जनहित से जुड़े प्रत्येक कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

निर्माण कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश

बैठक में विभिन्न निर्माण परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की निगरानी करने के भी निर्देश दिए।

जीरो पॉवर्टी अभियान और फैमिली आईडी पर विशेष फोकस

जीरो पॉवर्टी अभियान, ई-ऑफिस प्रणाली, फैमिली आईडी और आधार सीडिंग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण कर निर्धारित लक्ष्य जल्द पूरा करने और सभी विभागों को प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

प्रदेश के अग्रणी जनपदों में शामिल करने का लक्ष्य

जिलाधिकारी ने कहा कि सीएम डैशबोर्ड पर गौतमबुद्ध नगर को प्रदेश के अग्रणी जनपदों में स्थापित करना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय, जवाबदेही और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए तय समय-सीमा में सभी लक्ष्यों को पूरा करना होगा।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, प्रभारी जिला विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, उप कृषि निदेशक राजीव कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी संतोष कुमार, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी आशीष कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश सिसोदिया, जिला क्षय रोग अधिकारी आरपी सिंह, सहायक जिला सांख्यिकी अधिकारी अर्चना मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.