EPFO का ‘निधि आपके निकट 2.0’ नोएडा में आयोजित, 135 प्रतिभागियों ने उठाया योजनाओं का लाभ; मौके पर ही हुई शिकायतों का समाधान
नोएडा: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के क्षेत्रीय कार्यालय नोएडा की ओर से सोमवार को “निधि आपके निकट 2.0” के तहत डिस्ट्रिक्ट आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन सेक्टर-62 स्थित हल्दीराम स्नैक्स फूड प्राइवेट लिमिटेड के कॉर्पोरेट कार्यालय में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नियोक्ताओं, अंशदाताओं, पेंशनर्स और ईपीएफ सदस्यों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा उन्हें विभाग की विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक बनाना रहा।
मौके पर शिकायतों का हुआ त्वरित निस्तारण
कार्यक्रम के दौरान भविष्य निधि क्षेत्रीय कार्यालय नोएडा की ओर से शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए विशेष व्यवस्था की गई। जीवन प्रमाण पत्र, सदस्य प्रोफाइल अपडेट, ई-नामांकन सहित विभिन्न सेवाओं के लिए अलग-अलग सहायता डेस्क स्थापित की गईं, जहां प्रतिभागियों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।
135 लोगों ने लिया हिस्सा, 115 शिकायतें और जानकारी के लिए पंजीकरण
आयोजित कार्यक्रम में करीब 135 लोगों ने भाग लिया, जिनमें 17 नियोक्ता भी शामिल रहे। शिकायतों के समाधान और विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने के लिए कुल 115 आगंतुकों का पंजीकरण किया गया।
नई ईपीएफ योजनाओं और डिजिटल सेवाओं की दी गई जानकारी
कार्यक्रम का संचालन सहायक भविष्य निधि आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने किया, जबकि इसकी अध्यक्षता क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-1 एवं प्रभारी अधिकारी सुयश पाण्डेय ने की। इस दौरान क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-II कुमार राघवेन्द्र, प्रवर्तन अधिकारी नवीन कुमार श्रीवास्तव, गुरप्रीत सिंह और शैलेन्द्र आर्य भी मौजूद रहे।
प्रभारी अधिकारी ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से नई ईपीएफ योजना, विश्वास 2026 योजना, पीएमवीबीआरवाई, सीआईटीईएस की नई कार्यप्रणालियों, स्टेकहोल्डर जागरूकता अभियान और निष्क्रिय खातों से संबंधित जानकारी साझा की। कार्यक्रम में वीडियो, प्रस्तुतीकरण और दिशा-निर्देशों के माध्यम से प्रतिभागियों को योजनाओं और डिजिटल सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने भी अपने अनुभव और खुशी के पल वीडियो एवं तस्वीरों के माध्यम से साझा किए।
हल्दीराम प्रबंधन ने कार्यक्रम की सराहना की
कार्यक्रम में हल्दीराम स्नैक्स फूड प्राइवेट लिमिटेड की ओर से कार्यकारी निदेशक डॉ. ए. के. त्यागी भी उपस्थित रहे। उन्होंने ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन की टीम के प्रयासों की प्रशंसा की और सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
कर्मचारियों और नियोक्ताओं के हितों को मजबूत करने की पहल
ईपीएफओ ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य उद्योग, कर्मचारियों, छूट प्राप्त संस्थानों, जिला प्रशासन और कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि कर्मचारियों के सामाजिक सुरक्षा अधिकारों के साथ-साथ नियोक्ताओं के वैधानिक हितों की भी प्रभावी रूप से रक्षा सुनिश्चित की जा सके।