टेकऑफ के कुछ ही सेकंड बाद हवा में फटा प्लेन का टायर, फर्श के हो गए टुकड़े; यात्रियों में मची चीख-पुकार, देखें खौफनाक वीडियो

0 16

मशहद: ईरान के मशहद एयरपोर्ट से उड़ान भरते ही सेपेहरान एयरलाइंस के बोइंग 737 विमान में जोरदार धमाका हुआ। बताया गया कि विमान का टायर हवा में ही फट गया, जिसके बाद उसका रबर और धातु का मलबा इंजन में जा घुसा। धमाके के झटके से विमान का केबिन बुरी तरह हिलने लगा और उसके कुछ हिस्से टूटकर यात्रियों पर गिरने लगे। इस घटना का एक खौफनाक वीडियो भी सामने आया है।

फर्श में पड़ी दरारें, यात्रियों में मची चीख-पुकार

वीडियो में विमान के अंदर का भयावह मंजर दिखाई दे रहा है। विमान का फर्श टूटता नजर आ रहा है और उसके हिस्से अलग-अलग होकर यात्रियों के बीच गिर रहे हैं। अचानक हुए धमाके और तेज झटकों से यात्री घबरा गए। कई लोग चीखते-चिल्लाते और एक-दूसरे के ऊपर गिरते दिखाई दे रहे हैं।

उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद हुआ हादसा

सेपेहरान एयरलाइंस की यह फ्लाइट मशहद स्थित शहीद हाशमीनेजाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट से करमानशाह शहर के लिए रवाना हुई थी। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान कई हजार फीट की ऊंचाई पर पहुंचा था, तभी जोरदार धमाका हुआ। यात्रियों को लगा कि विमान के नीचे कोई बड़ा विस्फोट हुआ है। इसके बाद केबिन में अफरा-तफरी मच गई और लोग भगवान को याद करने लगे।

टायर फटने के बाद इंजन में घुसे टुकड़े

टेकऑफ के समय विमान सामान्य तरीके से रनवे से ऊपर उठा था और यात्री अपनी सीटों पर बैठे थे। लेकिन रफ्तार पकड़ने के बाद अचानक जोरदार धमाका हुआ। टायर फटने के साथ उसके रबर और धातु के टुकड़े तेजी से बाहर निकले और विमान के इंजन के अंदर जा घुसे।

इसके बाद विमान में तेज झटके महसूस होने लगे। केबिन की लाइटें भी धीमी पड़ गईं। यात्रियों के बीच डर का माहौल बन गया और उन्हें विमान के ढांचे के टूटने का डर सताने लगा। कई यात्री बदहवास होकर चीखने-चिल्लाने लगे।

पायलटों की सूझबूझ से हुई सुरक्षित लैंडिंग

हादसे के बाद पायलट ने तुरंत मशहद एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल से आपात स्थिति में संपर्क किया। एयरपोर्ट प्रशासन ने भी तत्काल जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए। पायलट ने एक इंजन और फटे हुए टायर की स्थिति के बावजूद विमान को सावधानी से वापस एयरपोर्ट की ओर मोड़ा।

इसके बाद क्षतिग्रस्त विमान को वापस रनवे पर उतारा गया और उसकी सुरक्षित आपात लैंडिंग कराई गई। पायलटों की इस कार्रवाई से विमान में सवार यात्रियों की जान बच सकी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.