हरियाणा के सिरसा जिले में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

0 1,721

सिरसा: हरियाणा में सिरसा जिले के डबवाली गांव में शुक्रवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी, जिसकी वजह नशे की ओवरडोज मानी जा रही है। पुलिस के अनुसार मृतक का नाम मनजीत सिंह (21) है। पुलिस ने मामले में मृतक के पिता की शिकायत पर पड़ोस में रहने वाले दो पड़ोसी युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मृतक के शव का डबवाली के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक युवक अविवाहित था।

पुलिसकर्मी किरण के मुताबिक मृतक युवक मनजीत सिंह के पिता सुखदेव सिंह का आरोप है कि उसके पुत्र को पड़ोस में रहने वाले युवक जिंदू और प्रदीप नशा कराते थे। उसके पुत्र को प्रदीप ने नशा करने के लिए उकसाया था। सुखदेव का आरोप है कि प्रदीप के घर पर ही मनजीत को नशे की ओवरडोज दी गयी, जिससे मनजीत की तबीयत बिगड़ गयी, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गयी। परिजन युवक को गंभीर हालत में अस्पताल लेकर आ रहे थे, इसी बीच गोल चौक के पास युवक ने दम तोड़ दिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और मौत के कारणों की पुष्टि के लिए विसरा का नमूना लिया, जिसे जांच के लिए मधुबन फॉरेंसिक लैब भेजा गया है।

पुलिस का कहना है कि मृतक युवक के शरीर पर कहीं कोई निशान नहीं मिला है। विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण का खुलासा हो सकेगा। दोनों आरोपी युवक फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है। इस घटना से इलाके में हडक़ंप मच गया है। ग्रामीण नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.