ओपी राजभर की अचानक बिगड़ी तबीयत, मेदांता में भर्ती, ब्रेन स्ट्रोक की आशंका

0 305

लखनऊ: योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा के अध्यक्ष ओपी राजभर की तबीयत रविवार को अचानक बिगड़ गई। उन्हें पहले चक्कर आया और फिर जबान लड़खड़ाने लगी। बोल भी नहीं पाने के कारण उनके साथ मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। तत्काल उन्हें लखनऊ के लोहिया अस्पताल लाया गया। वहां से मेदांता अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने ब्रेन स्ट्रोक की आशंका जताते हुए दवाइयां शुरू कीं। देर रात हालत में सुधार देखा गया है। राजभर की तबीयत आजमगढ़ के अतरौलिया में बिगड़ी। वह जैसे ही कमरे से निकलने लगे, उन्हें तेज चक्कर आया और बेड पर ही बैठ गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला। इसी बीच उनकी जबान भी लड़खड़ाने लगी और बोलने में दिक्कत होने लगी। हालत गंभीर होते देख तत्काल लखनऊ लाया गया।

लखनऊ में पहले डॉ० राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान लाया गया। यहां से शाम चार बजे मेदांता की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। यहां ब्रेन स्ट्रोक की आशंका जताते हुए न्यूरोलॉजी के एक्सपर्ट डॉक्टरों की टीम ने इलाज शुरू किया। फिलहाल न्यूरोलाजी के प्राइवेट वार्ड में शिफ्ट कर इलाज हो रहा है। उनके इलाज के लिए मेंदाता के एक्सपर्ट डॉक्टरों का पैनल बनाया गया है। ओपी राजभर के बेटे अरविंद राजभर के अनुसार मंत्री जी (ओपी राजभर) को रविवार की बनारस के कटिंग मेमोरियल स्कूल में सामाजिक समरसता भागीदारी रैली को संबोधित करना था। उन्हें आजमगढ़ से बनारस आना था। जब समय के बाद भी वह आजमगढ़ से नहीं निकले तो फोन पर संपर्क किया गया। उस समय अतरौलिया स्थित कमरे पर ही चक्कर आया और जबान लड़खड़ाने लगी। उनसे कहा गया कि आप बनारस मत आइए। इसके बाद उन्हें लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया।

अरविंद राजभर के अनुसार लोहिया अस्पताल मेंं रिस्पांस अच्छा नहीं मिला तो मेदांता अस्पताल लाया गया। शाम चार बजे मेदांता में भर्ती कराने के चार घंटे बाद आठ बजे हालत में कुछ सुधार दिखा है। अस्पताल पहुंचाने से पहले ठीक से न तो बोल पा रहे थे और न चल पा रहे थे। लेकिन यहां पर मेडिसिन और इलाज के बाद अब बात भी करने लगे हैं और थोड़ा चल भी पा रहे हैं। मेदांता अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. राकेश कपूर का कहना है कि ओम प्रकाश राजभर को चक्कर आने की दिक्कत के चलते भर्ती किया गया है। उनका सीटी स्कैन, खून समेत कई जांचें कराई गई हैं। अब उनकी सेहत में सुधार है। अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.