आपदा से निपटने के लिए गौतमबुद्धनगर में 200 लोगों को मिला प्रशिक्षण, NDRF ने सिखाए खोज-बचाव और प्राथमिक उपचार के तरीके
गौतमबुद्धनगर: जिले में आपदा के समय राहत और बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने के लिए आपदा मित्रों और होमगार्ड (आपदा मित्र) का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। 4 नवंबर 2026 को जिलाधिकारी कार्यालय में कार्यक्रम का समापन हुआ। इसमें करीब 100 आपदा मित्रों और 100 होमगार्ड सहित कुल 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
यह प्रशिक्षण उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में आयोजित किया गया। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के मार्गदर्शन में आपदा जोखिम न्यूनीकरण के तहत प्रतिभागियों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के तरीके बताए गए।
NDRF और विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों ने दी ट्रेनिंग
प्रशिक्षण के दौरान राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), अग्निशमन विभाग, चिकित्सा विभाग और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) के प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन से जुड़ी जानकारी दी।
उन्हें विभिन्न प्रकार की आपदाओं से बचाव, राहत एवं बचाव कार्यों और आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने के तरीके सिखाए गए। इसके साथ ही खोज एवं बचाव अभियान, अग्नि सुरक्षा, प्राथमिक उपचार और घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की व्यावहारिक जानकारी भी दी गई।
आपदा के शुरुआती समय में प्रशिक्षित लोगों की भूमिका अहम
प्रशिक्षकों ने बताया कि किसी भी आपदा के दौरान शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर मौजूद प्रशिक्षित आपदा मित्र और होमगार्ड तत्काल सहायता पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। वे प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और राहत-बचाव कार्यों में सहयोग कर सकते हैं।
प्रशिक्षकों के मुताबिक, इनकी तत्परता और सूझबूझ से आपदा के दौरान होने वाली जन-धन की हानि को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
मास्टर ट्रेनर ने समझाए आपदा मित्रों के दायित्व
कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर ने प्रतिभागियों को आपदा जोखिम न्यूनीकरण में उनकी भूमिका और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि आपदा के शुरुआती चरण में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया जरूरी होती है।
प्रशिक्षित आपदा मित्र और होमगार्ड स्थानीय स्तर पर प्रथम प्रतिक्रिया देने वाले सहयोगी के रूप में काम कर सकते हैं। उनका उद्देश्य जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंचाना और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय के जरिए आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाना है।