लखनऊ में छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म की घटना दुखद और शर्मनाक : मायावती

0 239

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती ने राजधानी लखनऊ के एक इलाके में एक युवती के साथ कथित सामूहिक बलात्कार की घटना को दुखद और शर्मनाक बताया है। उन्होंने सरकार से महिला अपराध को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है। बसपा प्रमुख मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “राजधानी लखनऊ के बंथरा क्षेत्र में किशोरी के साथ सामूहिक बलात्कार की घटना अति-दुखद व शर्मनाक है। उत्तर प्रदेश समेत देश के अलग-अलग राज्यों में महिला उत्पीड़न के साथ-साथ दुष्कर्म व हत्या जैसी घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं।

सरकार की ओर से इसकी रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की सख्त जरूरत है। महिला सम्मान तो दूर महिलाओं की सुरक्षा पहले व अत्यंत जरूरी है।” लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र से शनिवार को एक 16 वर्षीय छात्रा, जो 11वीं कक्षा में पढ़ती है, के साथ हरौनी पेट्रोल पंप के पास कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। आरोप है कि 5 युवकों ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया।

घटना की जानकारी शनिवार शाम को पुलिस को मिली, जिसके बाद बंथरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया। पुलिस ने इस मामले में ललित कश्यप, विशाल गुप्ता, राजेंद्र कश्यप उर्फ बाबू, मेराज और छोटू के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। घटना के कुछ घंटे बाद लखनऊ पुलिस ने एनकाउंटर के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। हरौनी स्टेशन के पीछे पुलिस ने बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने की कोशिश की। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोलीबारी की। इस मुठभेड़ में 33 वर्षीय ललित कश्यप के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने 20 वर्षीय मेराज को दौड़ाकर पकड़ लिया। मौके से पुलिस ने एक बाइक और एक देसी तमंचा बरामद किया।

डीसीपी निपुण अग्रवाल ने पुष्टि की कि इस गंभीर मामले में अब तक दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि शेष तीन फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.