UP Weather: शिमला-कुल्लू से भी ठंडे रहे बाराबंकी-मेरठ, आज से बर्फीली हवाएं बढ़ायेगी गलन

0 125

सर्द हवाओं का सितम रुकने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान बाराबंकी शिमला से भी ठंडा रहा। शिमला में न्यूनतम पारा चार डिग्री तो बाराबंकी में तीन डिग्री दर्ज किया गया। यह प्रदेश का सबसे सर्द जिला रहा, मेरठ में दिन का पारा सबसे कम रहा। लखनऊ में अधिकतम 21 और न्यूनतम 7 डिग्री पारा रहा। पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ के असर से 2026 के पहले दिन सूरज बादलों की चादर ताने सोते रहा।

धूप नहीं निकलने और सर्द हवाओं के असर से मेरठ में दिन का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। गुरुवार को मेरठ कुल्लू से ज्यादा ठंडा रहा। मैदानों में विभिन्न स्थानों पर बारिश के बाद आज से पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो जाएगा और बर्फीली हवाओं की दस्तक शुरू होगी। शुक्रवार से वेस्ट यूपी में 10-15 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज बर्फीली हवाओं के चलने के आसार हैं।

नए साल पर दिन जहां प्रदेश में सबसे ठंडा रहा वहीं रात 2016-2026 तक के 11 वर्षों में सबसे गर्म रिकॉर्ड हुई। एक जनवरी 2025 को न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था जो सबसे ज्यादा था। गुरुवार को नए साल ने नया रिकॉर्ड बना दिया और यह 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी अवधि में नए साल का पहला दिन चौथा सबसे ठंडा रहा। इससे पहले बीते वर्ष एक जनवरी को दिन में तापमान 13.5 डिग्री सेल्सिस रिकॉर्ड हुआ था जो अब तक का सबसे ठंडा था।

मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और इनका मैदानों पर असर आज से खत्म हो जाएगा। बीते दो दिनों में पहाड़ों पर भारी बर्फबारी और बारिश रिकॉर्ड हुई है। विक्षोभ के आगे निकलने से आज से उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं में तेजी आएगी। सुबह के वक्त 10-12 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बर्फीली हवाएं चलने के आसार हैं। रात में हवा की गति अपेक्षाकृत कम रह सकती है। मौसम विभाग के अनुसार तेज हवाओं से कोहरे में कमी आएगी।

कुल्लू में पारा 16.8 मेरठ में 14.9 रहा
मौसम विभाग के अनुसार कुल्लू में गुरुवार को अधिकतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जबकि मेरठ में यह 14.9 डिग्री सेल्सियस रहा। यानी कुल्लू से ज्यादा ठंड एक जनवरी में मेरठ में दर्ज की गई। दिनभर गलन जैसी स्थितियां रही। प्रदेश में अलीगढ़ में 15.4, आगरा में 15.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। राजस्थान के चुरु में तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस रहा जो मेरठ से अधिक है। मेरठ में दिन के तापमान सामान्य से 3.9 डिग्री सेल्सियस कम बने हुए हैं।

गलन भरी पछुआ से शहर ठिठुर रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान बाराबंकी का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री दर्ज किया गया। यह प्रदेश का सबसे सर्द जिला रहा। सीजन में भी सबसे सर्द रहा।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.