Earthquake: जापान में फिर महसूस किए गए भूकंप के जोरदार झटके, तीव्रता को लेकर अलग-अलग दावे; दहशत में लोग

0 294

Earthquake: जापान में एक बार फिर भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने बताया कि मंगलवार को जापान के शिमाने प्रांत में भूकंप आया, जिसकी तीव्रता पहले 6.3 बताई गई थी, लेकिन बाद में इसे घटाकर 4.5 कर दिया गया। एजेंसी ने बताया कि भूकंप का केंद्र शिमाने प्रांत का पूर्वी भाग था और सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

शुरुआत में इसकी तीव्रता 6.3 बताई गई थी, जिसे बाद में जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने घटाकर 4.5 कर दिया। वहीं, अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) की ओर से जारी वास्तविक समय के आंकड़ों के अनुसार, इसकी तीव्रता 5.8 बताई गई। स्थानीय प्रसारक एनएचके के अनुसार, प्रांत में भूकंप की तीव्रता जापान के 1-7 भूकंपीय पैमाने पर 5 से ऊपर दर्ज की गई।

31 दिसंबर को आए भूकंप की तीव्रता 6.0 थी
इससे पहले 31 दिसंबर को जापान में शक्तिशाली भूकंप आया था। जापान के पूर्वी नोडा क्षेत्र के तट पर 6.0 तीव्रता का बड़ा भूकंप आया था, जिसका केंद्र जमीन से 19.3 किलोमीटर की गहराई पर था।

दरअसल, जापान के लिए यह भूकंप झटके इसलिए भी चिंताजनक हैं, क्योंकि देश अब भी 2011 की यादों से सहमा हुआ है। उस वक्त 9.0 तीव्रता के भूकंप और उसके बाद आई सुनामी में करीब 18,500 लोग मारे गए या लापता हो गए थे।

हाल ही में अगस्त 2024 में, जापान ने ‘नानकाई ट्रफ’ के पास एक महा-भूकंप की पहली विशेष चेतावनी जारी की थी। वैज्ञानिकों का मानना है कि इस 800 किलोमीटर लंबी समुद्री खाई में आने वाला एक बड़ा भूकंप 2.98 लाख लोगों की जान ले सकता है और देश को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा सकता है।

चार प्रमुख टेक्टोनिक प्लेटों के ऊपर बसा है जापान
बता दें कि जापान पैसिफिक ‘रिंग ऑफ फायर’ के किनारे पर स्थित है, जहां टेक्टोनिक प्लेट्स की हलचल बहुत ज्यादा होती है। जापान चार प्रमुख टेक्टोनिक प्लेटों के ऊपर बसा है, जो आपस में टकराती रहती हैं। करीब 12.5 करोड़ की आबादी वाला यह देश हर साल लगभग 1,500 छोटे-बड़े भूकंप के झटके महसूस करता है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.