टी20 वर्ल्ड कप जीत पर झूम उठा देश, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दी टीम इंडिया को बधाई, ईशान किशन की तारीफ की

0 22

पटना। टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक जीत पर पूरे देश में खुशी की लहर है। इस शानदार उपलब्धि पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भारतीय टीम को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह जीत पूरे देश के लिए गर्व और खुशी का पल है, जिसने भारत का नाम एक बार फिर विश्व पटल पर ऊंचा किया है।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन, समर्पण और मजबूत टीम भावना के दम पर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने टीम इंडिया के कप्तान सूर्य कुमार यादव सहित सभी खिलाड़ियों, कोच और सहयोगी स्टाफ को इस ऐतिहासिक जीत के लिए हार्दिक बधाई दी।

नीतीश कुमार ने विशेष रूप से बिहार के प्रतिभाशाली क्रिकेटर ईशान किशन के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि ईशान किशन ने अपने शानदार खेल से टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और पूरे बिहार को उन पर गर्व है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि भारतीय टीम आगे भी इसी तरह बेहतरीन प्रदर्शन करती रहेगी और देश को गौरवान्वित करती रहेगी।

डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने भी जताई खुशी

टी20 विश्व कप जीत पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी भारतीय टीम को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर संदेश जारी करते हुए कहा कि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को हराकर शानदार जीत दर्ज की है।

उन्होंने कहा कि भारतीय टीम की आक्रामक बल्लेबाजी और अनुशासित गेंदबाजी इस जीत की सबसे बड़ी ताकत रही। लगातार दूसरी बार विश्व विजेता बनने का श्रेय खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अद्भुत टीम भावना और देशवासियों के अटूट विश्वास को जाता है।

तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव ने भी दी शुभकामनाएं

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी भारतीय टीम की जीत पर खुशी जाहिर करते हुए खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि टीम ने बेहतरीन खेल दिखाया और देश को गर्व करने का अवसर दिया है।

वहीं तेज प्रताप यादव ने भी भारतीय टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऐतिहासिक जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया ने शानदार बल्लेबाजी और दमदार गेंदबाजी के दम पर न्यूजीलैंड को हराकर विश्व चैंपियन का खिताब अपने नाम किया है। यह जीत 140 करोड़ भारतीयों के लिए गर्व, उत्साह और प्रेरणा का क्षण है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.