iQOO Z11x 5G भारत में लॉन्च: 7200mAh बैटरी, 50MP कैमरा और 120Hz डिस्प्ले के साथ आया दमदार स्मार्टफोन
स्मार्टफोन बाजार में प्रतिस्पर्धा के बीच आईकू ने भारत में अपना नया स्मार्टफोन iQOO Z11x 5G लॉन्च कर दिया है। कंपनी का दावा है कि यह अपने सेगमेंट का सबसे तेज स्मार्टफोन है। बेंचमार्क प्लेटफॉर्म एंटूटू पर इस डिवाइस ने 10 लाख से अधिक का स्कोर हासिल किया है, जिससे इसकी परफॉर्मेंस को लेकर कंपनी ने बड़ा दावा किया है।
नए स्मार्टफोन में बड़ी बैटरी, दमदार प्रोसेसर और हाई रिफ्रेश रेट डिस्प्ले जैसे कई फीचर्स दिए गए हैं। इसके साथ ही फोन में आईपी68 और आईपी69+ रेटिंग भी मिलती है, जो इसे धूल और पानी से अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान करती है।
बड़ी स्क्रीन और स्मूथ डिस्प्ले
iQOO Z11x 5G में 6.76 इंच का फुल एचडी प्लस डिस्प्ले दिया गया है। यह स्क्रीन 120Hz रिफ्रेश रेट के साथ आती है, जिससे स्क्रॉलिंग और गेमिंग का अनुभव काफी स्मूथ हो जाता है। इसके अलावा डिस्प्ले में 1200 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस दी गई है, जिससे तेज रोशनी में भी स्क्रीन साफ दिखाई देती है।
पावरफुल प्रोसेसर और स्टोरेज विकल्प
फोन में 2.5GHz ऑक्टा-कोर मीडियाटेक डाइमेंसिटी 7400 टर्बो 4nm प्रोसेसर दिया गया है। ग्राफिक्स के लिए इसमें Mali-G615 MC2 GPU का इस्तेमाल किया गया है।
रैम के तौर पर इसमें 6GB और 8GB LPDDR4x के विकल्प मिलते हैं। वहीं स्टोरेज के लिए 128GB और 256GB का विकल्प दिया गया है, जिसमें UFS 3.1 तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।
डुअल रियर कैमरा और 4K वीडियो रिकॉर्डिंग
फोटोग्राफी के लिए iQOO Z11x 5G में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा और 2 मेगापिक्सल का डेप्थ सेंसर शामिल है। इस कैमरे की मदद से 4K वीडियो रिकॉर्डिंग की जा सकती है।
सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है।
7200mAh की बड़ी बैटरी
इस स्मार्टफोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी बैटरी है। iQOO Z11x 5G में 7200mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो लंबे समय तक इस्तेमाल के लिए डिजाइन की गई है। बैटरी को चार्ज करने के लिए 44W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट दिया गया है।
चार्जिंग के लिए फोन में यूएसबी टाइप-सी 2.0 पोर्ट मिलता है।
कीमत और सेल की तारीख
iQOO Z11x 5G की शुरुआती कीमत 18,999 रुपये रखी गई है, जिसमें 6GB रैम और 128GB स्टोरेज वाला वेरिएंट मिलेगा।
8GB रैम और 128GB स्टोरेज मॉडल की कीमत 20,999 रुपये है, जबकि 8GB रैम और 256GB स्टोरेज वाले टॉप वेरिएंट की कीमत 22,999 रुपये रखी गई है।
इस स्मार्टफोन की बिक्री 16 मार्च से शुरू होगी।
लॉन्च ऑफर में मिलेगी छूट
लॉन्च ऑफर के तहत ग्राहकों को अधिकतम 2,000 रुपये तक की बचत करने का मौका मिलेगा। यह ऑफर एक्सिस बैंक और एसबीआई बैंक कार्ड के जरिए भुगतान करने पर उपलब्ध होगा।